सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: इंदौर के एरोड्रम इलाके में बांगड़दा रोड पर सोमवार देर रात एक युवक का शव मिला है। उसके शरीर पर चाकुओं से गोदने के निशान मिले हैं। पुलिस ने पहचान होने के बाद सभी आरोपियों को पकड़ लिया है। हत्या में लव जिहाद का एंगल सामने आया है।
एरोड्रम पुलिस के मुताबिक घटना बांगड़दा रोड पर बाबा श्री गार्डन के पास की है। यहां 35 साल के जफर निवासी उत्तर प्रदेश का शव पड़े होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक जफर पर तीन से चार बदमाशों ने हमला किया है। पुलिस ने चारो बदमाशों को हिरासत में ले लिया है।
प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने बताया कि मृतक उनके दोस्त को वीडियो के नाम पर धमका रहा था। जफर को उन्होंने एक तरफ बुलाया। हमने उससे मोबाइल मांगा और कहा कि दोस्त का वीडियो डिलीट कर दो। उसके मना करने पर चाकू मार दिए।
मोबाइल में वीडियो ढूंढवाया तो टूटे बदमाश
पुलिस ने मामले में लगातार आरोपियों से पूछताछ की। वे शुरू में तो पुलिस को गुमराह कर रहे थे। तब पुलिस ने चारो आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ शुरू की। तब एक ने बताया कि जफर की दोस्ती एक युवती से थी। वह लगातार वाट्सएप और सोशल मीडिया से संपर्क में था।
लड़की की चैटिंग इंदौर में रहने वाले बॉय फ्रेंड ने पढ़ ली थी। इसके बाद लड़की की बात जफर से करवाकर मिलने बुलाया और मौत के घाट उतार दिया। इस मामले में यादव और उसके दोस्त पकड़ाए हैं। सभी छोटा बागड़दा इलाके के रहने वाले है। फिलहाल हत्याकांड में आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
हाई लिंक सिटी के चौकीदार ने दी पुलिस को सूचना
हत्या की सूचना पर डीसीपी आदित्य मिश्रा, एडिशनल डीसीपी अभिनव विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे। शव को झाड़ियों से निकलवाकर अस्पताल पहुंचाया। एरोड्रम पुलिस के मुताबिक हाई लिंक सिटी के चौकीदार ने मामले की सूचना पुलिस को दी थी।
चौकीदार ने बताया कि एक बाइक सवार उसके पास पहुंचा तो उसने बताया था कि एक युवक को कुछ ही दूरी पर कुछ युवक चाकू और लात-घूंसों से मार रहे हैं। जब दोनों वे युवक को बचाने पहुंचे तो घायल युवक को छोड़कर आरोपी दीवार फांदकर भागने लगे। तभी घायल युवक को देखकर पुलिस को सूचना की। लेकिन पुलिस के आने तक उसकी मौत हो चुकी थी।