आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आगामी विधानसभा चुनाव के लिए इंदौर-3 में कांग्रेस ने पूर्व मंत्री महेश जोशी के बेटे पिंटू जोशी तो भारतीय जनता पार्टी ने विष्णु प्रसाद शुक्ला के भतीजे गोलू शुक्ला को अपना उम्मीदवार बनाया है। खास बात यह है कि बीजेपी 33 साल से इंदौर-3 में लगातार ‘बाहरी’ नेता को ही प्रत्याशी बना रही है।

बीजेपी ने आखिरी बार 1985 में उस समय इंदौर-3 में रहने वाली पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन को मैदान में उतारा था। इस विधानसभा चुनाव में महाजन को पिंटू जोशी के पिता महेश जोशी के हाथों पराजय मिली थी। भाजपा ने इस चुनाव में भी बाहरी नेता को ही अपना प्रत्याशी बनाया है। बता दें कि गोलू शुक्ला विधानसभा-1 के रहने वाले हैं। कांग्रेस प्रत्याशी जोशी बना रहे ‘बाहरी’ को मुद्दा..गोलू बोले मैं स्थानीय…पढ़ें पूरा मामला…

गोलू का घर-ऑफिस इंदौर-1 में, पिंटू का पुश्तैनी घर इंदौर-3 में

इंदौर-3 से भाजपा प्रत्याशी गोलू शुक्ला का घर बाणगंगा में हैं। जो इंदौर-1 में आता है। वहीं उनका ऑफिस भी इंदौर-1 में आता है, जो कि मरीमाता चौराहे पर स्थित है। उनके ऑफिस के सामने वाली सड़क का मरीमाता वाला हिस्सा इंदौर-3 में आता है। वहीं पिंटू जोशी का पुश्तैनी घर इंदौर-3 में है। जबकि वे वर्तमान में पलासिया इलाके रह रहे हैं, जो इंदौर-5 में आता है। बता दें कि पिंटू जोशी के परिवार के सदस्य राजस्थान के कुशलगढ़ में भी रहते हैं।

1985 में महेश जोशी से हारीं थीं महाजन

बीजेपी ने 1985 में पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन को इंदौर-3 से टिकट दिया था। तब महाजन इंदौर-3 के नंदलाल-पुरा में रहती थीं। इसके बाद से बीजेपी ने अभी तक किसी भी ऐसे प्रत्याशी को टिकट नहीं दिया है जो इंदौर-3 में रहता हो। 1985 के चुनाव में सुमित्रा महाजन को कांग्रेस के दिग्गज नेता व पूर्व मंत्री महेश जोशी ने 5 हजार 103 वोट से हराया था।

हालांकि बीजेपी ने विधानसभा चुनाव हारने के बाद भी महाजन को 1989 में लोकसभा का चुनाव लड़ाया था। जिसके बाद से वह लगातार 8 बार सांसद का चुनाव जीतती रहीं। महाजन इंदौर-3 से पिछली दो बार से अपने बेटे मंदार महाजन के लिए टिकट की मांग कर रही हैं।

1990 से बीजेपी इन बाहरी प्रत्याशियों को बना रही अपना उम्मीदवार

1990 में बीजेपी ने इंदौर-3 से गोपी कृष्ण नेमा को टिकट दिया था। नेमा इंदौर-4 के रहने वाले हैं। पार्टी ने नेमा को 1993 और 1998 में भी टिकट दिया था। फिर 2003 में राजेंद्र शुक्ला को टिकट दिया था, जो गोलू शुक्ला के चचेरे भाई हैं और इंदौर-1 के रहने वाले हैं। गोपी कृष्ण नेमा को पार्टी ने 2008 के चुनाव में फिर मौका दिया। 2013 के चुनाव में पार्टी ने इंदौर-1 में रहने वाली उषा ठाकुर को टिकट दिया। बीजेपी ने 2018 में इंदौर-2 के रहने वाले आकाश विजयवर्गीय को मैदान में उतारा था।