मुम्बई । भारतीय क्रिकेट टीम का आईपीएल के बाद बेहद वयस्त कार्यक्रम है। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया को पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज खेलनी है। उसके बाद यह इंग्लैंड और वेस्टइंडीज दौरे पर जाएगी। वेस्टइंडीज में भारतीय टीम को को तीन एकदिवसीय और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने को मिलेंगे। इस प्रकार होने वाली तीन सीरीज को देखते हुए कई युवा खिलाड़ियों को भी टीम में अवसर मिल सकता है।
भारतीय टीम वेस्टइंडीज में होने वाले पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में से एक या दो मैच अमेरिका के फ्लोरिडा शहर में भी खेलेगी। वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन एकदिवसीय मैच क्वींस पार्क ओवल में 22, 24 और 27 जुलाई को खेले जाएंगे।
एक रिपोर्ट के अनुसार पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच 29 जुलाई को ब्रायन लारा चार्ल्स स्टेडियम खेला जाएगा। इसके बाद 1 और 2 अगस्त को सेंट किट्स एंड नेविस वॉर्नर पार्क दूसरा और तीसरा टी20 मुकाबला खेला जाएगा। फिर भारतीय टीम फ्लोरिडा में 6 और 7 अगस्त को आखिरी दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। इस बार वेस्टइंडीज टीम की कप्तानी निकोलस पूरन करेंगे।
वहीं भारत का इंग्लैंड और आयरलैंड का दौरा अगले माह जून में शुरू होगा। भारतीय टीम इंग्लैंड के अपने दौरे की शुरुआत 26 जून से डबलिन में आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के साथ करेगी। इस सीरीज के बाद टीम इंडिया गत वर्ष कोरोना संक्रमण के कारण नहीं हो पाये एक टेस्ट मैच को खेलेगी।