सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने मंगलवार (20 फरवरी) को कांग्रेस के 115 करोड़ रुपए के बकाया टैक्स में से 65 करोड़ रुपए निकाल लिए। पार्टी ने बुधवार (21 फरवरी) को इसके खिलाफ इनकम टैक्स अपीलेट ट्रिब्यूनल (ITAT) में शिकायत की है। इस मामले में आज सुनवाई होनी है।
कांग्रेस ने अपनी शिकायत में कहा है कि टैक्स बकाया को लेकर इनकम टैक्स अपीलेट ट्रिब्यूनल में मामले पर सुनवाई लंबित है। IT डिपार्टमेंट ने ट्रिब्यूनल के फैसले का इंतजार करने से पहले ही पार्टी के बैंक खातों से पैसे निकाल लिए। कांग्रेस ने अपील की कि मामले का निपटारा होने तक IT विभाग कोई कार्रवाई न करे।
इससे पहले 16 फरवरी को कांग्रेस ने इनकम टैक्स डिपार्टमेंट पर पार्टी के बैंक अकाउंट फ्रीज करने का आरोप लगाया था। कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि इनकम टैक्स ने यूथ कांग्रेस और कांग्रेस पार्टी से 210 करोड़ रुपए की रिकवरी मांगी है।
इसके कुछ घंटों बाद इनकम टैक्स अपीलेट ट्रिब्यूनल ने कांग्रेस के फ्रीज खातों पर लगी रोक हटा दी थी। कांग्रेस ने ट्रिब्यूनल में एक याचिका भी लगाई थी, जिस पर सुनवाई के लिए 21 फरवरी की तारीख तय की गई थी।
कांग्रेस ने कहा था- हमारे पास बिजली बिल भरने के पैसे नहीं
अजय माकन ने 16 फरवरी को कहा था- हमें 14 फरवरी को जानकारी मिली कि बैंकों ने पार्टी के द्वारा जारी किए गए चेक रोक दिए हैं। वे हमारे चेक क्लियर नहीं कर रहे। कांग्रेस पार्टी के खाते भी फ्रीज कर दिए गए हैं। इसके अलावा क्राउड फंडिंग वाले अकाउंट को भी फ्रीज कर दिया गया है।
माकन ने कहा- अभी हमारे पास बिजली का बिल भरने के लिए और अपने कर्मचारियों को वेतन देने के लिए पैसे नहीं हैं। अकाउंट फ्रीज होने के कारण न केवल भारत जोड़ो न्याय यात्रा, बल्कि पार्टी की सभी राजनीतिक गतिविधियां प्रभावित होंगी। यह लोकतंत्र को फ्रीज करने जैसा है।
अजय माकन ने बताया कि पार्टी से 2018-19 के इनकम टैक्स रिटर्न के बेस पर 210 करोड़ की रिकवरी मांगी गई है। अभी 2024 चल रहा है और लोकसभा चुनाव होने वाले हैं। इसके दो कारण हैं।
पहला कारण: हम लोगों को 31 दिसंबर 2019 तक अपने अकाउंट सबमिट करने थे। शायद 40 दिन लेट अकाउंट सबमिट किया गया। अक्सर लोग 10-15 दिन लेट हो जाते हैं।
दूसरा कारण: 2018-2019 इलेक्शन का साल था। उस समय 199 करोड़ रुपए की रसीद कांग्रेस पार्टी के पास थी, जो खर्च हुई थी। उसमें से केवल 14 लाख 40 हजार रुपए हमारे सांसद और विधायकों ने अपनी एक महीने की तनख्वाह कैश में जमा करवाई थी। इसी वजह से कांग्रेस पार्टी पर 210 करोड़ रुपए की पेनाल्टी लगा दी गई है।
माकन ने कहा कि 5 साल पहले की घटना को लेकर चुनाव से ठीक पहले हमारे अकाउंट्स फ्रीज कर दिए जाते हैं। ये बहुत शर्म की बात है। भाजपा ने असंवैधानिक रूप से जो पैसे अपने अकाउंट में डाले हैं, उसे सील किया जाना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने इन पैसों को असंवैधानिक तरीके से इकट्ठा करना बताया है। इसे सील करना चाहिए।