मुंबई । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने आईपीएल टीम गुजरात टाइटंस के युवा तेज गेंदबाज उमरान मलिक की जमकर सराहना करते हुए कहा है कि इस गेंदबाज को आगामी इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में शामिल किया जाये।

गावस्कर ने कहा कि भले ही इस दौरे में उमरान को खेलने का अवसर न मिले पर अनुभवी खिलाड़ियों के साथ यात्रा करने और ड्रेसिंग रूम साझा करने से उसे लाभ मिलेगा।

उमरान ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ गेंदबाजी करते हुए 25 रन देकर पांच विकेट लिए थे। उनका यह प्रदर्शन हालांकि टीम को जीत नहीं दिला पाया पर सभी ने इस गेंदबाज की तारीफ की।

वहीं गावस्कर ने कहा, ‘उसके लिए अगली चुनौती, मुझे लगता है कि भारतीय टीम है।’ उन्होंने कहा, ‘उसे शायद अंतिम एकादश में खेलने का मौका नहीं मिले क्योंकि भारत के पास अभी मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और उमेश यादव जैसे अनुभवी गेंदबाज हैं पर टीम के साथ सिर्फ यात्रा करने से ही उसे काफी अनुभव मिलेगा।’

इस युवा तेज गेंदबाज ने पूरे सत्र के दौरान नियमित रूप से 150 किमी प्रति घंटा से अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी की है और आठ आईपीएल मैच में अब तक 15.93 के औसत से 15 विकेट लिए हैं।

भारत का इंग्लैंड दौरा जून में शुरू होगा। दोनों टीम सबसे पहले पांच मैच की श्रृंखला का अंतिम टेस्ट खेलेंगी जिसे पिछले साल कोविड-19 के कारण रद्द कर दिया गया था। इसके बाद तीन मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला और इतने ही मैच की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला होगी।