लॉस एंजेलिस । अमेरिका की लॉस एंजेलिस सिटी में  ऐमजॉन और फेडएक्‍स के सामान से भरी ट्रेन में दिनदहाड़े लूटपाट की घटना ने सनसनी फैला दी थीं। अब पुलिस ने खुलासा किया है कि इस लूट के दौरान दर्जनों की संख्‍या में बंदूकों को चोर अपने साथ उठा ले गए हैं।

इस खुलासे के बाद अमेरिका के दूसरे सबसे बड़े शहर में हिंसा का खतरा काफी बढ़ गया है। शहर के शीर्ष पुलिस अधिकारी माइकल मूर ने अब कहा है कि लुटेरे न केवल ऐमजॉन के पैकेट अपने साथ ले गए हैं, बल्कि उससे ज्‍यादा बहुत सारी अन्‍य चीजें उठा ले गए हैं। मूर ने कहा, ‘लोग इन कंटेनरों को तोड़ रहे थे और हथियारों को चुरा रहे थे। बड़ी संख्‍या में हथियार उठा ले गए।’ उन्‍होंने कहा, ‘यह हमारे लिए बहुत चिंता का सबब है। इससे शहर में और ज्‍यादा हिंसा भड़क सकती है।’

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक लुटेरों ने कई बड़े रिटेलरों को निशाना बनाया। इसे यूपीएस और फेडएक्‍स के जरिए भेजा गया था। चोरों ने तब तक ट्रेन का इंतजार किया जब तक कि वे ट्रैक पर रुक नहीं गईं। उन्‍होंने बोल्‍ट कटर की मदद से लॉक को तोड़ दिया। पुलिस ने अब बताया है कि चोरों ने बंदूकों को लूट लिया। अमेरिका में ऑनलाइन हथियार खरीदा जा सकता है लेकिन कानूनन उसे सीधे ग्राहकों को नहीं दिया जा सकता है।

इसके बदले में लाइसेंस डीलर को हथियार भेजे जाते हैं, वहां से ग्राहक इसे ले लेते हैं। अमेरिका में दिसंबर 2020 के बाद से रेल ऑपरेटर यूनियन पैसिफ‍िक के मुताबिक लॉस एंजेलिस काउंटी में ट्रेनों में चोरी में 160 फीसदी का इजाफा हुआ है। ट्रेन ऑपरेटर ने कहा, ‘अक्‍टूबर 2021 में अकेले चोरी में 356 फीसदी का इजाफा हुआ है।’ क्रिसमस के दौरान यह चोरी और बढ़ गई जब सामानों को भेजा जाना काफी बढ़ जाता है।