पेशावर । पाकिस्तान से ईशनिंदा हत्या का अनोखा मामला सामने आया है। पाकिस्‍तान के डेरा इस्‍माइल खान में तीन महिला शिक्षकों ने अपनी एक पूर्व सहयोगी की गला रेतकर हत्‍या कर दी। तीनों ने मृतका पर ईशनिंदा का आरोप लगाया। हैरानी की बात हैं, आरोप उन्‍होंने अपनी एक रिश्‍तेदार के सपने के आधार पर लगाया।

घटना मंगलवार सुबह की है, जिसके बाद पुलिस ने रिश्‍तेदार सहित तीनों को अरेस्‍ट कर लिया। हत्यारोपी महिलाओं ने बताया कि उनकी साथी ने सपने में ईशनिंदा की थी, इसकारण उन्होंने महिला को मार डाला।

हत्या जामिया इस्लामिया फलाहुल बिनात के बाहर तड़के हुई। पुलिस अपराध स्थल पर पहुंची,तब उन्होंने देखा कि महिला खून से लथपथ है, उसका गला कटा हुआ है। आरोपी महिला शिक्षक क्रमश: 17, 21 और 24 वर्ष की हैं। उन्‍होंने ‘धार्मिक मुद्दों पर मतभेद’ और ईशनिंदा के आरोप में 21 वर्षीय पीड़िता की हत्या कर दी। मृतका जाने-माने धार्मिक विद्वान मौलाना तारिक जमील की अनुयायी थी, जिसे आरोपी महिलाएं नापसंद करती थीं। प्राथमिकी में कहा गया है कि पीड़िता पर हमले में धारदार वस्तुओं का इस्तेमाल किया गया।

पुलिस ने बताया कि उनकी 13 वर्षीय किशोरी रिश्तेदार ने ‘एक सपना देखा’ जिसमें उस पीड़िता द्वारा की गई कथित ईशनिंदा के बारे में पता चला और बाद में जान से मारने का आदेश दिया गया। पुलिस अध‍िकारी ने कहा कि शुरुआती जांच के दौरान सपने के विवरण वाला रजिस्टर बरामद किया गया है। इसके बाद तीनों संदिग्धों को उनके रिश्तेदारों के साथ गिरफ्तार किया गया है।