सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: नई दिल्ली। दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके गोकलपुरी में पुलिस ने अवैध पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक रिहायशी मकान की दूसरी मंजिल पर कथित तौर पर बिना अनुमति पटाखे बनाने और उनका भंडारण करने का काम चल रहा था। पुलिस की छापेमारी में बड़ी मात्रा में तैयार और अधबने पटाखों के साथ संदिग्ध विस्फोटक पाउडर बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर को गोकलपुरी थाना पुलिस को गोकलपुर गांव की गली नंबर 14 स्थित एक मकान में अवैध रूप से पटाखे बनाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर छापा मारा। वहां मौजूद तीन युवकों से पटाखे बनाने और उनका भंडारण करने के लिए जरूरी लाइसेंस या अनुमति संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे वैध कागजात पेश नहीं कर सके।
तलाशी के दौरान पुलिस ने पांच डिब्बों में रखे 880 तैयार कोल्ड पायरो पटाखे, 600 अधबने पटाखे और करीब 34 किलोग्राम संदिग्ध विस्फोटक पाउडर जब्त किया। इसके अलावा पटाखों के खाली खोल, भराई करने वाली मशीन, वजन मापने की मशीन और पैकेजिंग का सामान भी बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित गोस्वामी (29), अरमान (24) और समीर (21) के रूप में हुई है। तीनों उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के फर्रुखनगर के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
मामले में गोकलपुरी थाने में भारतीय न्याय संहिता और विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई थी और तैयार पटाखों की आपूर्ति कहां की जानी थी। रिहायशी इलाके में इस तरह की गतिविधि से आग और विस्फोट का गंभीर खतरा पैदा हो सकता था। मामले की जांच जारी है।
Hashtags: #DelhiState #Delhi #दिल्ली #अवैध #पटाखा #फैक्ट्री #भंडाफोड़ #तीन #आरोपी #दिल्लीमेंअवैधपटाखा