सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके खजूरी खास में सोमवार देर रात कंक्रीट मिक्सर ट्रक और स्कूटी के बीच हुई टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कंक्रीट मिक्सर ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:55 बजे खजूरी खास थाने को पुराने थाने के कट के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां दो युवक गंभीर रूप से घायल मिले। उनकी पहचान 30 वर्षीय संतोष और 33 वर्षीय पवन के रूप में हुई है। संतोष पक्की खजूरी और पवन खजूरी खास की गली नंबर 24 के निवासी थे।
घायलों में से एक को परिजन जग प्रवेश चंद्र अस्पताल लेकर पहुंचे, जबकि दूसरे को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। मामले में खजूरी खास थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच जारी है।
Hashtags: #DelhiState #Delhi #दिल्ली #कंक्रीट #मिक्सर #ट्रक #स्कूटी #मारी #टक्कर #दिल्लीमेंकंक्रीटमिक्सर