आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : IIT-बनारस में 1 नवंबर की रात बीटेक की छात्रा के साथ छेड़छाड़ हुई थी। बुलेट से आए 3 बदमाशों ने छात्रा और उसके दोस्त को गन प्वाइंट पर अलग किया, फिर छात्रा के साथ बदसलूकी की, उसके कपड़े उतरवाए और वीडियो बनाया। घटना के खिलाफ गुरुवार को 2500 छात्रों ने कैंपस में प्रदर्शन किया।
इस मामले से दो दिन पहले यानी 30 अक्टूबर को भी छेड़छाड़ की एक और घटना का दावा किया जा रहा है। IIT-BHU स्टूडेंट पार्लियामेंट के मेंबर प्रणव ने बताया कि दोनों घटनाएं एक ही जगह की हैं। तब बदमाशों ने क्लासमेट के साथ जा रही एक छात्रा को जबरदस्ती छुआ था। हालांकि, प्राइवेसी के कारण छात्रा चुप रही। इसकी लिखित शिकायत नहीं की गई।
प्रणव ने बताया कि 30 अक्टूबर को हुई घटना को लेकर कुछ लड़कों की पहचान हुई है, लेकिन पुलिस की ओर से इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई है। इधर, भेलूपुर के ACP प्रवीण सिंह ने बताया कि कई संदिग्धों को कस्टडी में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपी अलर्ट न हों, इसलिए अभी किसी की पहचान जाहिर नहीं कर सकते।
आज BHU में क्या चल रहा, 3 तस्वीरें…
IIT और BHU के बीच दीवार बनाने के प्रस्ताव का विरोध, हाथों में पंडित मदन मोहन मालवीय की तस्वीर लेकर 500 से ज्यादा छात्र हर विभाग में जनसंपर्क कर रहे हैं।
यौन उत्पीड़न की शिकार छात्रा के लिए न्याय की मांग करती एक स्टूडेंट।
छेड़छाड़ की पुरानी घटना की भी अब कंप्लेन
स्टूडेंट पार्लियामेंट के सदस्य प्रणव ने बताया कि पहली घटना के दो दिन बाद जब फिर से छेड़खानी हुई तो कैंपस में हड़कंप मच गया। फिर, हमने प्रोटेस्ट का फैसला किया। अब हमने पुलिस को पुराने वाले मामले की भी कंप्लेन भेजी है। पुलिस कह रही है कि इसमें शामिल 1 या 2 आरोपियों को आइडेंटिफाई कर लिया है। कैंपस की सुरक्षा के लिए 2 दरोगा- एक मेल और फीमेल, 5 कॉन्स्टेबल प्रॉक्टोरियल बोर्ड ऑफिस में तैनात रहेंगे।
IIT प्रशासन बोला- वारदात वाली जगह को ब्लॉक करेंगे
IIT में प्रेस एंड पब्लिसिटी सेल के इंचार्ज प्रो. विकास दुबे ने कहा कि क्लोज यानी बंद कैंपस की डिमांड को पूरा करने की कार्रवाई शुरू हो गई है। जिला प्रशासन ने शिक्षा मंत्रालय से बात की है। उनकी ओर से जो भी निर्देश मिलेंगे, उसी आधार पर एक बाउंड्री वॉल तैयार की जाएगी। वहीं, जिस जगह पर छेड़खानी की घटना हुई, उस जगह को रात में ब्लॉक किया जाएगा।
बाउंड्री वॉल को लेकर बंद कर दिया BHU का सिंह द्वार
वहीं, दूसरी तरफ IIT-BHU और BHU के बीच बाउंड्री वॉल का विरोध हो रहा है। कैंपस सिक्योरिटी के नाम पर बाउंड्री वॉल को लेकर एक नई बहस छिड़ गई है। IIT के 2500 छात्रों ने इसी आश्वासन पर धरना खत्म किया कि उनको क्लोज कैंपस मिले। चारों ओर बाउंड्री हो।
दूसरी ओर BHU के 20 हजार से ज्यादा छात्र इस बाउंड्री वॉल का विरोध कर रहे हैं। शुक्रवार देर रात AISA और भगत सिंह मोर्चा के सदस्यों ने BHU के मेन गेट सिंह द्वार को ही बंद करा दिया। NSUI ने भी वीसी का पुतला फूंका।
इसके पहले ABVP संगठन ने सेंट्रल ऑफिस में तालाबंदी की। वहीं, उनके ऊपर आरोपियों से मिले होने की बात करने वाले कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का पुतला भी फूंका गया। हॉस्टल के बाहर भी सड़कों को जाम कर दिया।
सभी छात्र संगठन BHU गेट से लेकर सेंट्रल ऑफिस और हॉस्टलों के बाहर विरोध करने जुट गए हैं। पूर्व छात्र से लेकर कई पूर्व प्रोफेसर भी विरोध पर उतर आए हैं। उनका कहना है कि कैंपस को बांटकर सुरक्षा की बात करनी बेइमानी है। क्या पहले के अधिकारियों ने दोनों कैंपस को सुरक्षित नहीं रखा था।