आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) IIT कैंपस में बुधवार की रात दोस्त के साथ घूम रही IIT की एक छात्रा से मोटर साइकिल सवार 3 बदमाशों ने बदसलूकी की और निर्वस्त्र कर वीडियो बनाया। इस घटना के बाद आरोपी कैंपस के हैदराबाद गेट से फरार हो गए। रात में हुई घटना से छात्र-छात्राएं बेहद नाराज हैं।

2500 छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को 11 घंटे प्रोटेस्ट किया। देर रात तक छात्र अपनी मांग को लेकर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस और IIT-BHU के डायरेक्टर ने छात्रों के साथ बैठक की। उन्हें भरोसा दिया कि 7 दिन में सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। ऐसी सजा मिलेगी कि उनकी सातों पुश्तें याद रखेंगी। इसके बाद छात्रों ने प्रदर्शन खत्म किया।

प्रशासन ने IIT-बनारस और BHU के बीच दीवार बनाने का फैसला किया है। हालांकि, छात्र इसका विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि कैंपस को दो फाड़ नहीं किया जाना चाहिए। मदन मोहन मालवीय के सपने को बंटता हुआ नहीं देखा जाएगा।

PMO ने रिपोर्ट मांगी

वहीं, पूरे मामले में प्रधानमंत्री ऑफिस यानी PMO ने पुलिस कमिश्नर मुथा अशोक जैन से रिपोर्ट मांगी है, जबकि पुलिस कमिश्नर ने SHO लंका अश्विनी पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया। इस बीच, PMO गुरुवार को हर पल की रिपोर्ट लेता रहा। यही नहीं, CM योगी ने कमिश्नर कौशल राज शर्मा और पुलिस कमिश्नर फोन पर बात की। IIT प्रशासन के साथ बात कर छात्र-छात्राओं के लिए कड़ी सुरक्षा की व्यवस्था करने को कहा।

BHU में दीवार खड़ी करने के प्रस्ताव का विरोध, ABVP का प्रदर्शन शुरू

BHU में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद यानी ABVP के छात्र धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। केंद्रीय कार्यालय के बाहर नारेबाजी चल रही है। उनका कहना है कि छात्रा को न्याय मिले। वहीं, IIT और BHU के बीच दीवार बनाने का विरोध किया। छात्र अभय सिंह ने कहा कि प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा की अनदेखी के कारण छात्रा के साथ छेड़छाड़ हुई। ABVP के छात्रों की 4 मांगे…

  1. BHU कैंपस में सभी चौराहों पर हाई क्वालिटी के CCTV कैमरे लगाए जाएं।
  2. कैंपस में सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ाई जाए जो कि पहले कम किए गए थे।
  3. कैंपस में शाम को बाहरी अराजक लोगों की एंट्री बैन की जाए।
  4. कैंपस को बांटने के लिए दीवार बनाने के प्रस्ताव पर रोक लगाई जाए।

समझौते में और क्या तय हुआ, आगे पढ़िए…

प्रॉक्टर ऑफिस में सब इंस्पेक्टर और 4 पुलिस कर्मी तैनात होंगे।

बैरिकेड्स लगाकर रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक आवाजाही बैन की जाएगी।

ग्रीन जोन बनाया जाएगा। इसमें कई तरह के बदलाव आगे होंगे। बदलाव क्या होंगे, यह अभी तय नहीं।

स्थानीय प्रशासन के सहयोग से जल्द एक इंटीग्रेटेड मॉनिटरिंग सिस्टम बनाया जाएगा।

संवेदनशील स्थानों पर रिटायर्ड मिलिट्री सुरक्षा गार्ड्स की अतिरिक्त तैनाती होगी।

BHU और IIT-BHU के बीच एग्रीकल्चर फॉर्म और हैदराबाद गेट जैसे कॉमन रास्तों पर विचार होगा।

कैंपस के सभी 7 गेट पर जिला पुलिस और संस्थान कर्मियों की 24×7 ड्यूटी रहेगी।

चीफ प्रॉक्टर ऑफिस में एक सब इंस्पेक्टर, चार पुलिस कर्मियों की एक बीट तैनात की जाएगी।

संस्थान एक क्लोज कैंपस के निर्माण के लिए शिक्षा मंत्रालय और विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ प्रयास करेगा।