आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संसद में मानसून सत्र के चौथे दिन लोकसभा की कार्रवाई शुरू होने के 3 मिनट बाद ही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। जबकि राज्यसभा 12 तक के लिए स्थगित हुई।
राज्यसभा में दोबारा कार्रवाई शुरू होने पर विपक्ष लगातार नारेबाजी कर रहा है। सांसद प्रधानमंत्री चुप्पी तोड़ो के नारे लगा रहे हैं।
इधर, संसदीय दल की बैठक में PM ने विपक्षी गठबंधन के नाम I.N.D.I.A की तुलना ईस्ट इंडिया कंपनी, पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) और इंडियन मुजाहिद्दीन से की। कहा कि इससे जनता गुमराह नहीं होगी।
वहीं, विपक्षी पार्टियों के गठबंधन I.N.D.I.A ने भी संसद की कार्रवाई से पहले बैठक की। न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि विपक्ष मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला सकता है।
PM बोले- नाम हथिया लेने से कुछ नहीं होगा |
PM मोदी की अध्यक्षता में भाजपा संसदीय दल की बैठक हुई। जिसमें PM ने विपक्षी गठबंधन के नाम I.N.D.I.A पर कहा- जो लोग सत्ता चाहते हैं और देश को तोड़ना चाहते हैं वो ईस्ट इंडिया कंपनी और इंडियन मुजाहिदीन जैसे नाम रख रहे हैं। इनमें भी इंडिया आता है। पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) में भी इंडिया नाम आता है, लेकिन लोग इससे गुमराह नहीं होंगे।
राज्यसभा में संजय सिंह के निलंबन पर भी हंगामा
AAP सांसद राघव चड्ढा ने राज्यसभा में संजय सिंह के निलंबन पर वोटिंग की अपील की, जिसे सभापति जगदीप धनखड़ ने खारिज कर दिया।
दरअसल, तीसरे दिन की कार्रवाई के दौरान AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह संसद में मणिपुर पर चर्चा और प्रधानमंत्री के बयान की बात उठाई थी।
वे सभापति जगदीप धनखड़ के पास जाकर बहस करने लगे थे। इसके बाद उन्हें पूरे मानसून सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया।
विपक्षी सांसदों ने इस फैसले के खिलाफ संसद में गांधी प्रतिमा के पास पूरी रात धरना दिया।
मानसून सत्र से जुड़े आज के बड़े अपडेट्स
लोकसभा में कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी और गौरव गोगोई ने मणिपुर के हालात पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया था।
राज्यसभा में राजीव शुक्ल, राघव चड्ढा, रंजीत रंजन, इमरान प्रतापगढ़ी समेत कई सासंदों ने मणिपुर पर चर्चा के लिए रूल-267 के 51 नोटिस दिए हैं।
निलंबन पर बोले संजय सिंह- कोई टिप्पणी नहीं करूंगा
निलंबन के अगले दिन मंगलवार को संजय सिंह ने कहा, “प्रधानमंत्री मणिपुर मुद्दे पर चुप क्यों हैं? हम केवल संसद में आकर इस पर बोलने की मांग कर रहे हैं। निलंबन पर मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा, क्योंकि जगदीप धनखड़ राजनीति से जुड़े व्यक्ति नहीं हैं, उपराष्ट्रपति हैं। संसद में मणिपुर का मुद्दा उठाना हमारी जिम्मेदारी है।”