सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / सागर : छिंदवाड़ा में कफ सिरप पीने से 20 से अधिक मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत के खिलाफ प्रदेशभर में उबाल है। इसी क्रम में सागर में जिला कांग्रेस कमेटी (शहर व ग्रामीण) के संयुक्त तत्वावधान में आक्रोशपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया गया। यह कैंडल मार्च कांग्रेस कार्यालय, गौर मूर्ति से शुरू होकर कटरा जय स्तंभ तक निकाला गया, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भाग लिया। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर आयोजित इस विरोध में कार्यकर्ताओं ने “हत्यारी सरकार” और “संवेदनहीन स्वास्थ्य मंत्री” के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सभी ने मोमबत्तियाँ जलाकर मृत बच्चों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।


जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि यह घटना सरकारी लापरवाही नहीं, बल्कि “राज्य संरक्षण में हुई हत्या” है। उन्होंने मांग की कि स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल को बर्खास्त कर उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा चलाया जाए। वहीं, जिला ग्रामीण अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने मृतक परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवज़ा देने की मांग की और कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था “वेंटिलेटर पर है।”
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता संदीप सबलोक ने इसे “मासूमों के खून से रंगी सरकार” की त्रासदी बताया। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि जब तक न्याय नहीं मिलता और मंत्री इस्तीफा नहीं देते, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

#कफसिरपकांड #कांग्रेसविरोध #सागर #छिंदवाड़ा #मध्यप्रदेश #कैंडलमार्च #स्वास्थ्यव्यवस्था