सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : होली और रंग पंचमी के अवसर पर चिकित्सालयों में आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीएमएचओ कार्यालय भोपाल द्वारा निर्देश जारी किए गए हैं। होलिका दहन, जुलूस एवं चल समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए आकस्मिक चिकित्सा के साथ 108 एंबुलेंस वाहनों को भी निर्धारित पॉइंट्स पर उपलब्ध रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल मनीष शर्मा ने होली के दौरान स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्याओं से बचने के लिए सलाह जारी की है। जिसमें केमिकल फ्री रंगों के उपयोग, अल्कोहल एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने, रंगों में भीगने से पहले शरीर पर तेल या मॉश्चराइजर के उपयोग, पूरी बांह के कपड़े पहनने और चिकित्सकीय आपात स्थिति में तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेने के लिए कहा गया है। शर्मा ने बताया कि केमिकल वाले रंगों में लेड ऑक्साइड, कॉपर सल्फेट और माइका जैसे केमिकल्स का भी इस्तेमाल होता है। केमिकल वाले रंगों से त्वचा के साथ साथ आंखों को भी बहुत नुकसान हो सकता है। इन रंगों के आंखों में जाने पर जलन या आंखें लाल हो सकती हैं। अस्पतालों को आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्थाओं के निर्देश दिए गए हैं। होली खेलने के दौरान या बाद में त्वचा में जलन, आंखों में धुंधलापन या खुजली हो अथवा सांस लेने में दिक्कत होने पर डॉक्टर से सलाह ली जाए।

#होली2026#आपातचिकित्सा#108एंबुलेंस#स्वास्थ्यविभाग#आपातसेवा#त्योहारसुरक्षा#ताज़ाखबर#हिंदीसमाचार