आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर बीती शाम को बर्फबारी और शिमला में भारी ओलावृष्टि हुई। इसके बाद मंगलवार को धूप खिलने से मौसम सुहावना हो गया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की माने तो अगले 6-7 दिन तक पहाड़ों पर बारिश बर्फबारी नहीं होगी। यानी पहाड़ों पर अगले सप्ताह मौसम सुहावना रहने वाला है।

ताजा बर्फबारी के बाद पहाड़ों पर पर्यटकों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। बर्फ देखने की चाहत में पर्यटक प्रदेश के अधिक ऊंचे क्षेत्रों का रुख करने लगे हैं। इसे देखते हुए सरकार ने पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पर्यटकों को कहा गया कि ऊंचे क्षेत्रों में सड़क पर रात में कोहरा व बर्फ जमने से सफर जोखिमभरा हो जाता है। इससे वाहनों की फिसलन बढ़ती है। ऐसे में पर्यटकों को कम स्पीड के साथ सावधानी से गाड़ी चलाने की सलाह दी गई है।

रोहतांग टनल बहाल

रोहतांग टनल के दोनों छोर पर बर्फ हटाकर हाईवे को बहाल कर दिया गया है। इसके बाद अब दारचा और सरचू के लिए वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है। पर्यटकों को सुबह 9 बजे से दोपहर तीन बजे तक ही इन क्षेत्रों में जाने की इजाजत दी जा रही है।

बर्फबारी ओलावृष्टि से गिरा तापमान

बीते 24 घंटे के दौरान बारिश-बर्फबारी और ओलावृष्टि के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। कई जगह पर तापमान माइनस 10 डिग्री से भी नीचे चला गया है। मगर, जिन लोकेशन पर मौसम विभाग तापमान की गणना करता है, उनमें सबसे ज्यादा गिरावट केलांग में दर्ज की गई है। केलांग का न्यूनतम तापमान माइनस 7.3 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है।

अधिकांश शहरों का पारा नॉर्मल से नीचे गिरा

प्रदेश के अधिकांश शहरों का पारा नॉर्मल की तुलना में 4 डिग्री तक नीचे गिर गया है। केलांग के तापमान में नॉर्मल की तुलना में सबसे ज्यादा 3.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। इसी तरह कल्पा का तापमान माइनस 1.6 डिग्री, मनाली 0.6 डिग्री, शिमला 4.6 डिग्री, भुंतर 2.1 डिग्री,नारकंडा 0.4 डिग्री, तक गिर गया है।

मनाली में टूरिस्ट की आमद बढ़ी

बर्फबारी के बाद मनाली में पर्यटकों की आमद बढ़ने लगी है। होटलों में कमरों की एडवांस बुकिंग में इजाफा हुआ है। क्रिसमस और नववर्ष के मौके पर मनाली में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। पर्यटन कारोबारियों ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस वर्ष मनाली में पर्यटन कारोबार ठीक नहीं रहा।