आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हिमाचल प्रदेश में आज से अगले तीन दिन तक धूप खिलेगी। इससे आगामी 72 घंटे के दौरान कड़ाके की सर्दी से राहत मिलने के आसार हैं। मगर, 22 अक्टूबर से वेस्टर्न डिस्टरबेंस (WD) फिर सक्रिय हो रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक WD सक्रिय होने से 22 व 23 अक्टूबर को ऊंची चोटियों पर फिर से बर्फबारी और अन्य क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं।

सर्दी ने पहाड़ों पर इस साल एक महीने पहले ही दस्तक दी है। खासकर अधिक ऊंचे क्षेत्रों में शीतलहर चलनी शुरू हो गई है। आलम यह है कि केलांग का न्यूनतम तापमान अक्टूबर के तीसरे सप्ताह में पिछले कल माइनस 2.3 डिग्री तक लुढ़क गया और आज भी माइनस 0.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। आज तक के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है।

कई शहरों का तापमान 10 डिग्री से नीचे

यही हाल प्रदेश के अन्य शहरों का भी है। ज्यादातर जगह तापमान नॉर्मल से काफी नीचे गिर गया है। सूबे के एक दर्जन से ज्यादा शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम हो गया है। अगले तीन दिन तक इसमें सुधार की आस है, लेकिन दोबारा बारिश-बर्फबारी हुई तो ठंड का प्रकोप ओर बढ़ेगा।

इस वीकेंड पर पहाड़ों का रुख करेंगे टूरिस्ट

ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के बाद मौसम सुहावना हो गया है। इससे वीकेंड पर बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहाड़ों पर पहुंचने की उम्मीद है। चियोग में हाईलेंडर होम स्टे संचालक सोहन ठाकुर ने बताया कि मौसम सुहावना होने से इस वीकेंड पर अच्छा टूरिस्ट प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर आएगा।

एडवांस में ही 50 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी हो गई है। शनिवार शाम तक इसके 90 फीसदी से अधिक होने की संभावना है।

मनाली में भी बढ़ेगी ऑक्यूपेंसी

उधर, लाहौल स्पीति की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के बाद मनाली में भी पर्यटन कारोबार पटरी पर लौटने लगा है। अच्छी बात यह है कि किरतपुर-मनाली फोरलेन की हालत में भी रोजाना सुधार हो रहा है। इससे भी पर्यटक आसानी से प्रदेश की पर्यटन सैरगाहों पर पहुंच रहे हैं।

चंबा में भी रौनक लौटने की उम्मीद

चंबा में बीते सप्ताह तक होटलों में 20 फीसदी ऑक्यूपेंसी भी नहीं हो पाई। मगर भरमौर की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के बाद इस वीकेंड पर चंबा की पर्यटन सैरगाहों पर रौनक लौटने की आस बंध गई है।