आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हिमाचल के अधिक ऊंचे क्षेत्रों में बीती रात भी हल्का हिमपात हुआ। आज मौसम साफ हो गया है। इसके बाद देशभर से बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों का रुख करने लगे हैं और बर्फ का आनंद उठा रहे हैं। रोहतांग दर्रा में पर्यटक स्कीइंग का भी आनंद ले रहे हैं।

बर्फबारी के बाद ऊंचे क्षेत्रों में शीतलहर चल रही है। मनाली, शिमला, कल्पा, कुकुमसेरी, नारकंडा, कुफरी सहित डेढ़ दर्जन शहरों का पारा 10 डिग्री से नीचे गिर गया है। केलांग का न्यूनतम तापमान -2.3 डिग्री हो गया है। इसे देखते हुए सरकार ने देशभर से पहाड़ों का रुख कर रहे पर्यटकों को अपने साथ गर्म कपड़े लाने की सलाह दी है।

ये हाईवे बंद, सड़क पर बढ़ी फिसलन

बर्फबारी के कारण मनाली-लेह सहित शिंकुला दर्रे से जास्कर को जोड़ने वाला मार्ग और कुल्लू का औट-बंजार-सैंज एनएच-305 अभी ठप है। इसे देखते हुए स्थानीय लोगों और पर्यटकों को इन सड़कों पर नहीं जाने की सलाह दी गई है, क्योंकि सड़क पर बर्फ जमने से फिसलन बहुत ज्यादा बढ़ गई है।

एक महीना पहले सर्दी की शुरुआत

फिलहाल बीते तीन-चार दिन से हो रही बारिश-बर्फबारी के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश के सभी शहरों में तापमान नॉर्मल से 15 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है। इस तरह एक महीने पहले ही पहाड़ों पर सर्दी की शुरुआत हो गई है।

चंबा के तापमान में 14.4 डिग्री की गिरावट

चंबा के तापमान में नॉर्मल की तुलना में सबसे ज्यादा 14.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद चंबा का पारा 17 डिग्री तक गिर गया है। डलहौजी का तापमान भी नॉर्मल से 10.5 डिग्री की गिरावट के साथ 11.7 डिग्री तक लुढ़क गया है।

वहीं कांगड़ा के तापमान में भी नॉर्मल की तुलना में 9.9 डिग्री की कमी आई है। इसके बाद कांगड़ा का अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री रह गया है। मशहूर पर्यटन स्थल मनाली का तापमान भी नॉर्मल से 7.8 डिग्री की कमी के साथ 20.2 डिग्री तक गिर गया है।

धर्मशाला का तापमान भी नॉर्मल से 9.6 डिग्री की गिरावट के बाद 16 डिग्री रह गया है। शिमला का पारा भी नॉर्मल से 3.5 डिग्री कम चल रहा है। सुंदरनगर का तापमान भी नॉर्मल से 8.2 डिग्री कम चल रहा है।

कल से पूरे प्रदेश में खिलेगी धूप

मौसम विभाग के मुताबिक एक-दो स्थानों पर आज भी हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है, लेकिन ज्यादातर क्षेत्रों में आज मौसम साफ रहने या आसमान में हल्के बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। कल से अगले चार दिन के लिए पूरे प्रदेश में मौसम साफ हो जाएगा। इससे लोगों को कड़ाके की सर्दी से राहत मिलेगी।