आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हिमाचल प्रदेश की बाउंड्री में लेह-लद्दाख ने 14 किलोमीटर अंदर तक कब्जा कर लिया है। स्थानीय जन प्रतिनिधियों के अनुसार, लाहौल स्पीति के सरचू के छरब नाला में हाल ही में लेह-लद्दाख ने पिलर गाड़ दिए हैं और हिमाचल की अफसरशाही मूक दर्शक बनी हुई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू के आदेशों के बावजूद सरचू में अब तक पुलिस पोस्ट नहीं बनाया गया।
चिंता इस बात को लेकर है कि लेह-लद्दाख सीमा विवाद के इस मसले को सुलझाने में सहयोग नहीं कर रहा। सरचू में जिस जगह लद्दाख ने अवैध कब्जा किया है, वहां बीते दिनों सर्वे जनरल ऑफ इंडिया की टीम ने विजिट किया। मगर, लेह-लद्दाख की ओर से कोई भी अधिकारी इसमें शामिल नहीं हुआ।
लेह-लद्दाख ने काफी अंदर तक गाड़े पिलर : दोरजे
लाहौल स्पीति के कोलम वार्ड से जिला परिषद सदस्य दोरजे लारजे ने बताया कि सरचू में लेह-लद्दाख ने काफी अंदर तक पिलर गाड़ दिए हैं। वह कई बार इस मसले को प्रशासन से उठा चुके हैं। मगर, इसका समाधान नहीं निकाला जा रहा है।
बार-बार मांग के बावजूद बैरियर नहीं लगाया जा रहा : अशोक
दारचा पंचायत के प्रधान अशोक ने बताया कि सरचू में लेह-लद्दाख 10 से 15 किलोमीटर तक अंदर आ गया। पंचायत की ओर से कई बार प्रशासन को प्रस्ताव सौंपकर बैरियर लगाने की मांग की जा चुकी है। मगर, इस मांग को पूरा नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि सरचू के बाद अब शिंकुजा में लेह-लद्दाख अंदर आ सकता है।
TAC में CM ने दिए थे पुलिस पोस्ट स्थापित करने के निर्देश
प्रदेश सचिवालय में बीते दिनों मुख्यमंत्री सुक्खू की अध्यक्षता में संपन्न ट्राइबल एरिया कमेटी (TAC) की मीटिंग में लाहौल स्पीति से विधायक रवि ठाकुर ने यह मामला प्रमुखता से उठाया था। TAC मीटिंग में मुख्यमंत्री ने पुलिस को पोस्ट लगाने के निर्देश दिए थे। मगर, अब तक इसे स्थापित नहीं किया गया।
SP लाहौल स्पीति मयंक चौधरी ने बताया कि उन्होंने सरचू में पुलिस पोस्ट बनाने के लिए एक प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय को भेज रखा है। इसकी मंजूरी मिलते ही इसे स्थापित कर दिया जाएगा।
विधानसभा में भी गूंज चुका लेह-लद्दाख के अतिक्रमण का मामला
इसी तरह विधानसभा में भी लेह-लद्दाख से सीमा विवाद का मुद्दा गूंजा था। तब स्थानीय विधायक ने कहा था कि सरचू में 14 किलोमीटर और शिंकुला में 35 किलोमीटर अंदर तक लेह-लद्दाख अतिक्रमण कर चुका है। इसे रोका जाना चाहिए। हिमाचल के लाहौल स्पीति में कभी लेह लद्दाख तो कभी चीन के साथ सीमा विवाद का मसला उठता रहा है।
सर्वे जनरल ऑफ इंडिया से उठा चुके मामला : DC
DC लाहौल स्पीति राहुल कुमार ने बताया कि लेह-लद्दाख से सीमा विवाद का मुद्दा सर्वे जनरल ऑफ इंडिया से उठाया गया है। उनके आग्रह पर बीते दिनों सर्वे जनरल ऑफ इंडिया की टीम ने भी मौके का दौरा कर लिया है। मगर, लेह-लद्दाख की ओर से कोई भी अधिकारी उपस्थित नहीं हुआ। उन्होंने मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट दे दी है। अब दोबारा सर्वे जनरल ऑफ इंडिया की टीम दोनों पक्षों को देखकर इस विवाद को सुलझाएंगा। बाउंड्री का यह विवाद कई सालों से चल रहा है।
अधिकारियों से ली जाएगी रिपोर्ट : जगत नेगी
हिमाचल के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी से जब इस बाबत बात की गई तो उन्होंने बताया कि लेह-लद्दाख द्वारा प्रदेश की सीमा के भीतर पिलर गाड़ने के मामले में वह पहले अधिकारियों से रिपोर्ट लेंगे। इसके बाद ही स्टेटमेंट दे पाएंगे।