आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हिमाचल के पुलिस महानिदेशक (DGP) संजय कुंडू पर कारोबारी निशांत शर्मा की शिकायत पर FIR दर्ज की जाएगी। हिमाचल हाईकोर्ट ने वीरवार को इस मामले में हुई सुनवाई के दौरान कारोबारी के परिवार को पुलिस प्रोटेक्शन देने के भी आदेश दिए। कोर्ट के आदेशों पर DGP के खिलाफ कांगड़ा में FIR दर्ज होगी।

हाईकोर्ट ने निशांत की शिकायत पर अब तक FIR नहीं होने पर नाराजगी जताई और सुप्रीम कोर्ट के पुराने आदेशों का हवाला देते हुए अदालत ने कहा कि किसी भी शिकायतकर्ता की शिकायत पर FIR दर्ज कर तुरंत जांच होनी चाहिए। दरअसल, हाईकोर्ट हिमाचल से संबंध रखने वाले नोएडा के कारोबारी निशांत शर्मा की शिकायत पर स्वत: संज्ञान लिया था।

22 नवंबर को फिर होगी सुनवाई: रत्न

एडवोकेट जनरल अनूप रत्न ने बताया कि इस शिकायत में कारोबारी ने परिवार की जान को खतरा बताया है। इस मामले में हाईकोर्ट ने आज SP शिमला व SP कांगड़ा ने स्टेटस रिपोर्ट तलब की थी। दोनों जिलों के SP ने अब तक की जांच की रिपोर्ट हाईकोर्ट में रखी। अब इस मामले की अगली सुनवाई 22 नवंबर को होगी। इसमें दूसरी स्टेट्स रिपोर्ट में कोर्ट के समक्ष रखा जाएगा।

DGP की बढ़ सकती हैं मुश्किलें

जाहिर है कि इससे DGP कूंडू की मुश्किलें बढ़ेगी। अप्रैल 2024 में रिटायरमेंट से पहले संजय कुंडू नए विवाद में घिर गए हैं। FIR के बाद उन्हें भी पुलिस जांच में सहयोग करना होगा।

वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने भी कारोबारी की शिकायत की जांच के निर्देश दे रखे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान से ऊपर कोई नहीं है। FIR दर्ज करने से पहले कारोबारी की शिकायत देखी जाएगी। आरोप सही पाए गए तो नियमों के तहत कार्रवाई करेंगे।

DGP पर कारोबारी ने लगाए आरोप

निशांत शर्मा ने अपनी जान को खतरा बताया है। उन्होंने कहा कि DGP कुंडू ने उनके खिलाफ छोटा शिमला थाने में झूठा मुकद्दमा दर्ज कराया है। ‌बकौल निशांत, DGP ने उन्हें बार-बार फोन करके शिमला बुलाया। इतना ही नहीं DSP-SHO पालमपुर ने भी उन्हें कई बार फोन किया और बोला कि DGP ने शिमला बुलाया है। निशांत के अनुसार, वह आम नागरिक है। उनका ऐसा कोई विवाद नहीं है, जिसकी वजह से DGP उन्हें बुलाएं।

कारोबारी पर नोएडा में हो चुका जानलेवा हमला

निशांत ने बताया कि नोएडा स्थित घर के आंगन में उन पर जानलेवा हमला हो चुका है। इसकी हरियाणा पुलिस जांच कर रही है। निशांत के अनुसार, हरियाणा में जो विवाद चल रहा है, वह हिमाचल के रिटायर ब्यूरोक्रेट के भाई से जुड़ा है। इसलिए उन्हें समझ नहीं आ रहा कि हिमाचल के DGP ने उन्हें बार-बार मिलने क्यों बुलाया।

DGP ने छोटा शिमला थाना में दर्ज कराई FIR

वहीं DGP संजय कुंडू को कारोबारी ने धर्मशाला में हुए हमले के बाद शिकायत भेजी थी। DGP ने इस शिकायत में इस्तेमाल शब्द को अभद्र व अपमानजनक बताते हुए 4 नवंबर को छोटा शिमला थाने में निशांत के खिलाफ FIR दर्ज कराई। DGP द्वारा दी शिकायत में उन्होंने निशांत के आरोप मनगढ़ंत व व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाले बताए, क्योंकि यह ईमेल अलग अलग अधिकारियों को भेजी गई है।

DGP को इसलिए पद से हटाने को मांग

DGP की शिकायत के तीन दिन बाद निशांत ने भी SP शिमला को ईमेल करके शिकायत भेजी और DGP पर FIR दर्ज करने की मांग की। निशांत ने मुख्यमंत्री को एक ओर शिकायत भेजकर संजय कुंडू को पद से हटाने की मांग की है। इसके पीछे तर्क दिया गया है कि सीनियर अधिकारी के पद पर रहते हुए निष्पक्ष जांच संभव नहीं है।