आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हरियाणा में रिश्वत मामले में फंसे हरियाणा के दो IAS के सस्पेंशन (निलंबन) पर कल तक फैसला हो सकता है। दोनों अफसरों से जुड़ी केस फाइलें को हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) तक पहुंचा दी हैं। देर शाम तक फाइलें मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सामने रख दी जाएंगी।

चूंकि सीएम हिंसा के बाद पहली बार नूंह दौरे पर हैं, इसलिए उनके देर शाम तक चंडीगढ़ पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद ही दोनों सीनियर आईएएस के भ्रष्टाचार से जुड़ी फाइल पर वह फैसला लेंगे। संभावना है कि देर शाम या कल तक दोनों अधिकारियों के सस्पेंशन को लेकर सरकार की ओर से ऑर्डर जारी कर दिए जाएं।

इसलिए रूका हुआ है सस्पेंशन

हाल ही में 2 बड़े रिश्वत कांड में सूबे के 2 सीनियर IAS अफसर विजय दहिया और जयवीर आर्य की गिरफ्तारी की हरियाणा सरकार को जानकारी नहीं दी गई थी। इस पर मुख्य सचिव ऑफिस की ओर से इस बारे में लेटर लिखकर नाराजगी जताई गई थी। राज्य के कार्मिक विभाग ने भी इस बारे में ACB को लेटर लिखकर लिखित में जवाब मांगा था। एसीबी के द्वारा लिखित में कोई जानकारी नहीं देने के कारण सरकार अधिकारियों के सस्पेंशन को लेकर कोई फैसला नहीं कर पाई थी।

आर्य की गिरफ्तारी की नहीं दी गई सूचना

हरियाणा सरकार के सूत्रों के अनुसार, वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन के MD जयवीर आर्य के खिलाफ ACB द्वारा किए जाने वाले भ्रष्टाचार के केस की जानकारी सिर्फ CS ऑफिस को दी गई, लेकिन उसकी गिरफ्तारी के बारे में कुछ नहीं बताया गया। अब हरियाणा सरकार ने इन दोनों मामलों की लिखित में जानकारी मांगी है। ACB के द्वारा दोनों अफसरों की गिरफ्तारी की जानकारी देने के बाद ही सस्पेंशन की कार्रवाई की जा सकेगी।

3 सवालों का देना होगा जवाब

हरियाणा के कार्मिक विभाग ने ACB से इस मामले में 3 सवाल पूछे हैं। पहला आखिर IAS अधिकारियों की गिरफ्तारी के बारे में अभी तक सरकार को क्यों नहीं जानकारी दी गई?। कार्मिक विभाग की ओर से लिखा गया है कि सरकार के पास लिखित में कोई जानकारी नहीं होने के कारण दोनों IAS अफसरों के सस्पेंशन की कार्रवाई नहीं की जा सकी है, जबकि कानूनन नियम यह है कि किसी भी गवर्नमेंट ऑफिसर व कर्मचारी के 48 घंटे तक जेल में रहने पर उसे तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया जाता है।

ट्रांसफर-पोस्टिंग में रिश्वत मांगने में गिरफ्तार हुए आर्य

हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन के एमडी IAS जयवीर आर्य को पंचकूला से एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने 12 अक्टूबर की शाम को गिरफ्तार किया था। जयवीर आर्य को ACB की टीम ने 3 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा था। जयवीर पर 5 लाख रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है, एसीबी ने मौके से 3 लाख रुपए बरामद किए हैं। अभी जयवीर आर्य न्यायिक हिरासत में हैं।

10 अक्टूबर को गिरफ्तार हुए दहिया

हरियाणा रोजगार कौशल निगम (HKRN) में रिश्वत मामले में IAS विजय दहिया को एंटी करप्शन ब्यूरो ने 10 अक्टूबर की शाम को गिरफ्तार किया था। इसके बाद आरोपी अधिकारी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने दहिया को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। एंटी करप्शन ब्यूरो ने विजय दहिया को गिरफ्तार कर सीजेएम के निवास स्थान में पेश किया थ।

हरियाणा रोजगार कौशल निगम में बिल पास करवाने की एवज में एंटी करप्शन ब्यूरो ने एक महिला पूनम चोपड़ा को गिरफ्तार किया था। आरोपी महिला पूनम चोपड़ा से रिश्वत के 5 लाख रुपए भी बरामद हुए थे।