आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल के फतेहगढ़ स्थित हमीदिया गर्ल्स स्कूल की प्रिंसिपल की शिकायत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मप्र निर्वाचन आयोग से की गई है। पेरेंट्स और कांग्रेस की तरफ से की गई इस शिकायत में प्रिंसिपल विमला शाह पर आरोप लगा है कि उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। वह भाजपा के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रही हैं।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष जेपी धनोपिया ने कहा, ‘हमने यह शिकायत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से की है। उन्हें संबंधित फोटो आदि भी दिए गए हैं। शाह का बीजेपी का कार्ड भी बना है।’
स्कूल शिक्षा विभाग ने जांच कमेटी बनाकर विमला शाह से स्पष्टीकरण मांगा है।
शिकायत में यह लिखा- होना चाहिए ट्रांसफर
शिकायत में लिखा है कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। आदर्श आचार संहिता प्रभावशील है। हमीदिया कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फतेहगढ़ भोपाल ( क्रमांक 1) की प्रिंसिपल विमला शाह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। वे चुनाव में भाजपा कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रही हैं। ऐसे में उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई होना चाहिए। लेकिन, भाजपा नेताओं के दबाव में कोई एक्शन नहीं लिया गया। विमला शाह का भोपाल से दूसरे जिले में ट्रांसफर होना चाहिए। साथ ही उनके विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई भी हो।
अभिभावकों ने भी की शिकायत
कांग्रेस के अलावा प्रिंसिपल विमला शाह पर स्कूल में पढ़ने आने वाले बच्चों के अभिभावकों ने भी आरोप लगाकर शिकायत की है। उन्होंने आसपास के प्राइवेट स्कूल और मदरसों से पैसे लेकर विद्यालय की लड़कियों का वहां एडमिशन कराने की बात कही है। इसकी दर 1000 रुपए है।
परिजनों का कहना है कि स्थिति यह है कि 100 साल पुराना स्कूल बंद होने की कगार पर है। 2015 की स्टूडेंट्स संख्या और अब की संख्या में लगभग 70 प्रतिशत गिरावट है। प्राचार्य ने राजनैतिक पार्टी की सदस्यता ग्रहण करके सेवा शर्तों का उल्लंघन किया है। उन पर कार्रवाई होना चाहिए।
जिला शिक्षा अधिकारी बोले- जांच समिति बनाई है
जिला शिक्षा अधिकारी अंजनी कुमार त्रिपाठी का कहना है कि इस तरह की शिकायत हमें प्राप्त हुई है। मामले में एक जांच समिति बनाई है। इसमें एक सहायक संचालक और एक प्राचार्य हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में कुछ कहा जा सकता है।
प्रिंसिपल बोलीं- मुझ पर लगे सभी आरोप झूठे
हमीदिया गर्ल्स स्कूल की प्रिंसिपल विमला शाह का कहना है कि उन पर लगे सभी आरोप झूठे हैं। इस तरह के आरोप पहले भी लगाए गए हैं। जान-बूझकर कुछ लोग मेरी शिकायत कर रहे हैं। मैंने किसी प्रकार से किसी भी तरह की कोई शपथ बीजेपी कार्यकर्ता या अन्य पद के लिए नहीं ली है। न ही मैं किसी राजनैतिक पार्टी की कार्यकर्ता हूं।