आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हरियाणा के गुरुग्राम में चलती कार के ऊपर रखकर पटाखे फोड़े जा रहे हैं। यह कार काफिले के साथ चल रही है। इसका वीडियो सामने आने के बाद गुरुग्राम में पुलिस को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

इस वीडियो में दिख रहा है कि कार से लगातार पटाखे फूट रहे हैं। कार का दरवाजा खोलकर लटका युवक पटाखे जला रहा है। कार के पीछे बैठा युवक दूसरी गाड़ी से बाहर निकलकर इसका वीडियो भी बना रहा है।

यह वीडियो गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड का बताया जा रहा है। हालांकि यह वीडियो कब का है, इसके बारे में पता नहीं चल सका है। सोशल मीडिया पर भी इसे गुरुग्राम का वीडियो बताकर खूब वायरल किया जा रहा है।

गाड़ी के पीछे नंबर प्लेट नहीं, आगे आधी ढकी

इस मामले में खास बात यह है कि पूरी प्लानिंग के साथ यह वीडियो बनाया गया है। इसी वजह से जिस गाड़ी से पटाखे फोड़े गए, उसकी पिछली नंबर प्लेट को हटा दिया गया। आगे से भी वीडियो बना लेकिन नंबर पता न चले, इसलिए नंबर प्लेट को आधा ढक दिया गया।

गाड़ी के आगे पुलिस की बत्ती तक लगाई

यही नहीं वीडियो में साफ नजर आता है कि जिस गाड़ी से पटाखे फोड़े जा रहे हैं, उस पर पुलिस वाली लाल-नीली बत्ती भी लगाई गई है। हालांकि पुलिस की तरफ से अभी इस वीडियो को लेकर कोई बयान नहीं आया है। पुलिस फिलहाल जांच की बात कहकर वीडियो के गुरुग्राम के ही होने की पुष्टि नहीं कर रहा है।