सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का शनिवार को तीसरा दिन है। राहुल गांधी की यात्रा ने आज सुबह बोडेली के अलीपुर सर्किल से शुरू होकर नसवाड़ी से होते हुए नर्मदा जिला में प्रवेश किया। यहां से केवडिया और इसके बाद अब वे राजपीपला पहुंचे हैं। यहां अंबेडकर चौक में राहुल गांधी एक सभा को संबोधित करेंगे।
साथ ही कई नुक्कड़़ सभाओं को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद यात्रा कुवरपारा होकर नेत्रांग से भरूच में प्रवेश करेगी। भरूच से होते हुए यात्रा शाम को सूरत पहुंचेंगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।
70 सामाजिक संगठनों से मुलाकात करेंगे
यात्रा के तीसरे दिन राहुल गांधी नर्मदा जिले में 70 सामाजिक संगठनों से मुलाकात करेंगे। यह बैठक नर्मदा जिले के कुंवरपारा में होगी, जिसमें किसानों, आदिवासियों और दलितों के मुद्दे पर काम करने वाले कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। भरूच में होने वाली जनसभा में AAP के विधायक चैतर वसावा भी मौजूद रहेंगे। बता दें, लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने गुजरात में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन किया है।
गुरुवार शाम को गुजरात पहुंची यात्रा
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुरुवार शाम मध्यप्रदेश से गुजरात के दाहोद पहुंची थी। इसके बाद राहुल गांधी झालोद पहुंचे, जहां उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के आदिवासी नायक गोविंद गुरु के झालोद के कंबोई धाम में स्थित उनकी स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित कर गुजरात में यात्रा की शुरुआत की।
राहुल गांधी 10 मार्च तक गुजरात में करीब 400 किमी की यात्रा करेंगे। इस दौरान 70 से अधिक स्थानों पर समर्थक उनका स्वागत करेंगे। यात्रा के दौरान राहुल गांधी 6 जनसभा और 27 नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करेंगे।
10 मार्च का शेड्यूल
सूरत में बस स्टैंड पर यात्रा का स्वागत किया जाएगा। यहां से यात्रा बारडोली स्थित ऐतिहासिक स्वराज आश्रम पहुंचेगी। राहुल आश्रम का दौरा करेंगे। बारडोली में अमर जवान ज्योत चौक और सरदार चौक पर यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इसके अलावा लिम्डा चौक पर नुक्कड़ सभा की जाएगी। इसके बाद यात्रा बारडोली होकर राजस्थान की सीमा से सटे व्यारा पहुंचेगी। यहां से महाराष्ट्र के नंदूरबार में प्रवेश करेगी।
14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई यात्रा
राहुल गांधी की यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई थी। यात्रा का समापन 20 मार्च को मुंबई में एक विशाल रैली के साथ होगा। 66 दिन की इस यात्रा में राहुल गांधी कुल 6713 किलोमीटर की यात्रा पूरी करेंगे।
राहुल गांधी की पहली भारत जोड़ो यात्रा में गुजरात को जगह नहीं मिल पाई थी। ऐसे में 2017 के विधानसभा चुनावों के बाद पहली बार राहुल गांधी गुजरात में पदयात्रा और नुक्कड़ सभाएं करेंगे।