सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : चुनाव आयोग द्वारा की गई विधानसभा चुनाव की घोषणा उपरांत आदर्श आचार संहिता प्रभावशील हो गई है, भोपाल के गोविन्दपुरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कृष्णा गौर द्वारा प्रधान मण्डपम के पास होशंगाबाद रोड पर चुनाव प्रचार करते हुए महिला मतदाताओं के बीच में कांग्रेस पार्टी के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी तब हिन्दू महिलाओं के लिए करवा चौथ का व्रत रखना मुश्किल होगा, करवा चौथ नहीं मना पाओंगे, नव रात्रि का उत्सव होता है | माँ दुर्गा की आराधना होती है लेकिन आराधना नहीं कर सकेंगे, दीपावली का त्यौहार भी नहीं मना सकेगें इसलिए कांग्रेस पार्टी को वोट ना देते हुए भाजपा को ही मतदान करें।
प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं चुनाव आयोग कार्य प्रभारी जे.पी. धनोपिया ने चुनाव आयोग को इस मामले की शिकायत करते हुये प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कृष्णा गौर द्वारा चुनावी प्रक्रिया के दौरान धर्म का प्रयोग करते हुए बहुसंख्यक वर्ग की महिलाओं को गुमराह करते हुए कांग्रेस पार्टी के विरूद्ध जहर उगलते हुए अनर्गल आरोप लगाए है एवं धार्मिक उन्नाद फैलाकर आमजनों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कृत्य किया गया है, चुनाव के दौरान उन्होंने धर्म का दुरूपयोग करते हुए कांग्रेस पार्टी की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है जो कि सीधे सीधे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। भोपाल गोविन्दपुरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कृष्णा गौर के द्वारा किए गए आदर्श आचार सहिता के उल्लंघन के परिप्रेक्ष्य में उनके विरूद्ध प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की जाये, ताकि विधानसभा चुनाव निष्पक्ष और स्वतंत्र रूप से संपन्न हो सके।