आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इंद्रपुरी, आनंदनगर, अयोध्या नगर, अवधपुरी सहित आसपास के क्षेत्र में विराजमान दुर्गा प्रतिमाओं का बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात हथाईखेड़ा डेम पर विसर्जन किया गया। इससे पहले चल समारोह निकला, जिसमें सजी-धजी झांकियों के साथ देवी भक्त भी शामिल हुए। रास्ते में इन झांकियों का पुष्प वर्षा और पटाखे फोड़कर स्वागत किया गया। इनमें सबसे आकर्षित झांकियों को पुरस्कृत भी किया गया।
इंद्रपुरी से आनंदनगर तक कई स्थानों पर झांकियों के स्वागत के लिए विभिन्न समितियों ने मंच बनाए थे। जिन पर फूल मालाओं का प्रबंध किया गया था। आनंदनगर में बनाए गए झांकियों के स्वागत मंच पर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष गिरीश शर्मा उपस्थित हुए। यहां मंच संचालकों ने शर्मा और सभी झांकियों के अध्यक्षों को सम्मानित किया। गिरीश शर्मा ने बताया कि पहले नए शहर के लोग झांकियों के चल समारोह को देखने के लिए पुराने शहर जाते थे। इस परंपरा की शुरुआत नए शहर में भी हुई और यह भोपाल की शान बन गया। वे कहते हैं कि कई झांकियां सुसज्जित होकर यहां से निकलती हैं एवं विसर्जन की जाती हैं जिनको कई सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठन सम्मानित भी करते हैं।