आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की जयपुर में उनके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों की पहचान कर ली है। इनमें एक शूटर मकराना का रोहित है, जबकि दूसरा हरियाणा के महेंद्रगढ़ का निवासी नितिन फौजी है। नितिन फौजी ने ही गोगामेड़ी के सिर में गोली मारी थी।
शूटर नितिन फौजी पंजाब की बठिंडा जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गैंगस्टर संपत नेहरा के टच में था। संपत नेहरा पर ही इस हत्याकांड की साजिश को अंजाम देने का शक जताया जा रहा है। इसका पता चलने के बाद राजस्थान पुलिस ने हरियाणा में छापे मारे। साथ ही राजस्थान समेत उत्तर प्रदेश, पंजाब और मध्य प्रदेश में भी घटना से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाशी चल रही है।
उधर, इस हत्याकांड के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर देशभर में प्रदर्शन चल रहे हैं। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने राजस्थान बंद बुलाया है। इसको लेकर प्रदेशभर में बाजार बंद हैं। जयपुर शहर में चलने वाली लो-फ्लोर बसों का संचालन बंद करवा दिया गया है। निजी स्कूलों ने भी बंद को समर्थन दिया है।
नवंबर में छुट्टी पर आया था नितिन फौजी
सूत्रों के मुताबिक, नितिन फौजी सेना में है और महेंद्रगढ़ जिले के गांव दोंगड़ा जाट का रहने वाला है। वह नवंबर में ही छुट्टी पर आया था। इसके बाद 9 नवंबर को वह अपने घर से गाड़ी ठीक कराने की बात कहकर निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। उसके बाद से ही उसका परिजन से भी कोई संपर्क नहीं हो पाया। नितिन का नाम सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में सामने आने के बाद पुलिस ने भी यहां दबिश दी है।
पंजाब पुलिस ने 7 महीने पहले भेजा था नेहरा का इनपुट
हरियाणा में रेड करने पहुंची पुलिस टीम से यह भी पता चला कि सुखदेव गोगामेड़ी की हत्या के बारे में 10 महीने पहले इनपुट मिला था। पंजाब पुलिस ने यह इनपुट राजस्थान पुलिस को भेजा था। इसमें बताया गया था कि बठिंडा जेल में बंद गैंग्स्टर संपत नेहरा गोगामेड़ी की हत्या की साजिश रच रहा है। पंजाब पुलिस ने यहां तक बताया था कि उसने हत्या के लिए एक AK-47 तक का इंतजाम कर लिया है।
DGP बोले- बदमाशों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही
DGP उमेश मिश्रा ने बताया- राजस्थान पुलिस के घटना के बाद से एक्टिव हो गई है। बीकानेर सहित बदमाशों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। हरियाणा सहित पास के सभी राज्यों की पुलिस से बदमाशों को लेकर फीडबैक ले रही है। राजस्थान पुलिस ने यूपी, हरियाणा, पंजाब और एमपी पुलिस के साथ बदमाशों की फोटो शेयर की है। हालांकि अभी तक बदमाशों के बारे में कोई लीड नहीं मिली है।
एडीजी क्राइम दिनेश एमएन की छुट्टी रद्द की गई
डीजीपी ने घटना के बाद एडीजी क्राइम दिनेश एमएन को छुट्टी से वापस बुला लिया है। उन्हें फोन कर जयपुर आने के लिए कहा गया है। दिनेश एमएन को जानकारी मिलने पर सीआईडी की एक टीम को काम पर लगा दिया है। इधर जयपुर कमिश्नरेट पुलिस समेत, एटीएस, एसओजी और सीआईडी की टीम भी बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
बीकानेर और जयपुर जेल में चल रही पूछताछ
पुलिस के पास बदमाशों की फोटो के साथ आदतन अपराधियों से पूछताछ कर रही है। राजू ठेठ की हत्या करने वाले तीन बदमाशों से बीकानेर और एक बदमाश से जयपुर जेल में भी पुलिस इन शूटरों को लेकर पूछताछ कर रही है। जयपुर की एक टीम यूपी और हरियाणा की जेलों में बंद बदमाशों से पूछताछ में जुटी है। जिन्होंने पूर्व में राजस्थान में वारदात की है।
रोहित गोदारा के गुर्गों से की जा रही पूछताछ
पुलिस राजस्थान की अलग-अलग जेलों में बंद रोहित गोदारा के गुर्गों से भी पूछताछ कर रही हैं। पुलिस को यकीन है कि इन बदमाशों के बारे में जेल से कोई ना कोई सुराग जरूर मिलेगा। हत्या, फिरौती, धमकी, रंगदारी के लिए जेल गए बदमाशों से इन शूटरों को लेकर पूछताछ की जा रही है। जयपुर जेल में बंद जी क्लब पर फायरिंग करने वाले बॉक्स से भी पूछताछ जारी है। राजू ठेहट की हत्या में शामिल बदमाशों से भी पूछताछ की गई है।