मुंबई । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने युवा आक्रामक बल्लेबाज राहुल तेवतिया की जमकर तारीफ करते हुए कहा है कि वह भारतीय टी20 टीम में जगह पाने के बड़े दावेदार बनकर उभरे हैं। गावस्कर के अनसार तेवतिया निडर होकर खेलते है। इसके साथ ही उन्हें यह अंदाजा भी गया है कि किस गेंद को कैसे खेलना है। गावस्कर के अनुसार शारजाह में आईपीएल 2020 के दौरान शेल्डन कोटरेल के एक ही ओवर में पांच छक्के लगाने से तेवतिया को जो आत्मविश्वास मिला है उसी कारण आज वह एक शानदार बल्लेबाज बनकर उभरे हैं।
तेवतिया ने इस सत्र में गुजरात टाइटंस के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच विजेता खिलाड़ी की भूमिका निभाई है।
गावस्कर ने कहा ,‘‘ कोटरेल को जड़े छक्कों से तेवतिया का आत्मविश्वास बढा कि वह असंभव को संभव कर सकता है।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ डैथ ओवरों में उसकी बल्लेबाजी में गजब का आत्मविश्वास दिखता है। वह निडर होकर गेंद के आने का इंतजार करता है और अपने मर्जी के अनुसार शॉट खेलता है। उसके पास सारे शॉट हैं इसके साथ ही सबसे बड़ी खूबी यह है कि वह कठिन क्षणों में अपना आपा नहीं खोता।’’
उन्होंने तेवतिया को ‘आइस मैन’ का उपनाम दिया है । उन्होंने कहा ,‘‘ मैं उसे आइस मैन इसलिये कहता हूं कि वह क्रीज पर होता है तो बिलकुल भी घबराता नहीं है। वह गेंद को भांप लेता है और उसे पता होता है कि कौन सा शॉट खेलना है।’’