आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : रेमंड के चेयरमैन गौतम सिंघानिया की पत्नी नवाज मोदी ने अलग होने के लिए शर्त रखी है। उन्होंने 1.4 बिलियन डॉलर (करीब 11 हजार करोड़ रुपए) की कुल संपत्ति में 75% हिस्सेदारी मांगी है। इकोनॉमिक्स टाइम्स ने अपनी एक रिपोर्ट में इसके बारे में जानकारी दी है।
सिंघानिया अपनी पत्नी से अलग होने के लिए उनकी शर्त से काफी हद तक सहमत हैं, लेकिन उन्होंने एक फैमिली ट्रस्ट बनाने का सुझाव दिया है। सिंघानिया ने उस ट्रस्ट में परिवार की वेल्थ और एसेट्स को ट्रांसफर करने के लिए कहा है, जिसमें वह एकमात्र मैनेजिंग ट्रस्टी होंगे।
गौतम सिंघानिया की मौत के बाद उनके परिवार के सदस्यों को उनकी संपत्ति वसीयत के रूप में मिल जाएगी। हालांकि, नवाज मोदी फैमली ट्रस्ट बनाने के सुझाव से सहमत नहीं हैं।
नवाज मोदी बोलीं- अभी कोई निर्णय नहीं हुआ
इकोनॉमिक्स टाइम्स ने बताया है कि उन्होंने गौतम सिंघानिया को मेल भेजकर इसके बारे में पूछा है, लेकिन अभी तक उन्होंने कोई भी जवाब नहीं दिया है। जबकि, नवाज मोदी ने रविवार को भेजे गए इमेल के जवाब में कहा है कि पिछले कुछ हफ्तों से इसके बारे में चर्चा चल रही है, अभी यह इनीशियल स्टेज में है। अभी तक कोई भी निर्णय नहीं हुआ है।
ट्रस्ट में मुख्य रूप से होते हैं तीन पक्ष
ट्रस्ट कानून से परिचित लोगों ने बताया,’इसमें मुख्य रूप से तीन पक्ष होते हैं – एक सेटलर, जो ट्रस्ट में पैसा लगाता है। एक ट्रस्टी, जो एडमिनिस्ट्रेटर और बेनिफिशरी के रूप में काम करता है। तीनों में से एक को अलग होना चाहिए। ट्रस्ट में रिलेशनशिप पहले कानून बाद में आता है। सेटलर ट्रस्ट का ट्रस्टी हो सकता है,लेकिन तीनों ट्रस्टी नहीं हो सकते हैं।
6 दिन पहले गौतम सिंघानिया अलग होने का ऐलान किया था
गौतम सिंघानिया ने 6 दिन पहले 13 नबंवर को अपनी पत्नी नवाज मोदी सिंघानिया से अलग होने की जानकारी दी थी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और X पर लिखा था-
“यह दीपावली बीते सालों की तरह नहीं होने वाली है।
एक कपल के तौर पर 32 साल साथ रहकर, माता-पिता के तौर पर ग्रो होकर और हमेशा एक-दूसरे के लिए मजबूती की वजह बने रहकर हमने लंबा सफर तय किया। हमारे कमिटमेंट और भरोसे के सफर में दो सबसे खूबसूरत पड़ाव भी आए।
हाल के दिनों में, हमारे जीवन के इर्द-गिर्द बहुत सी निराधार अफवाहें और गॉसिप फैलाई गई हैं, जिन्हें हमारे कथित शुभचिंतकों ने काफी हवा दी है।
यह मेरा विश्वास है कि नवाज और मैं यहां से अलग-अलग रास्ते अपनाएंगे…
मैं उनसे अलग हो रहा हूं, जबकि हम अपने दो अनमोल हीरे निहारिका और निसा के लिए जो भी बेहतर होगा, वह करते रहेंगे।
कृपया इस निजी फैसले का सम्मान करें और हमें इस रिश्ते के सभी पहलुओं को सेटल करने के लिए स्पेस दें। इस वक्त मैं पूरे परिवार के लिए आपकी शुभकामनाएं चाहता हूं।”
मारपीट में नवाज की कॉलर बोन टूट गई थी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नवाज मोदी सिंघानिया को पिछले हफ्ते ठाणे में उनके पति की दीपावली पार्टी में शामिल होने से रोक दिया गया था। वहीं पिछले महीने गौतम ने अपने ब्रीच कैंडी हाउस में नवाज के साथ मारपीट की थी, जिससे उनकी कॉलर बोन टूट गई थी।
इसके बाद नवाज मोदी को गिरगांव के सर एच.एन. रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती कराया गया। हालांकि, इस मामले में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।