आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : ठंड शुरू होने से पहले दिल्ली-नोएडा में हवा खतरनाक होने लगी है। सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (SAFAR) के मुताबिक, सोमवार सुबह दिल्ली में 306 AQI दर्ज की गई है। एयर क्वालिटी इंडेक्स में इसे इंसानों के लिए बहुत खराब माना जाता है।

दिल्ली की हवा खराब से बहुत खराब की श्रेणी में पहुंच गई है। रविवार दोपहर को AQI 302 पर पहुंच गया, जो सोमवार सुबह 4 पाइंट बढ़कर 306 हो गया। शनिवार को यह 173 थी, जो रविवार सुबह को अचानक से बढ़कर 266 हो गई। सोमवार को दिल्ली यूनिवर्सिटी के आस-पास हवा की गुणवत्ता AQI 330 और इंडिया गेट पर AQI 266 दर्ज की गई।

वहीं नोएडा में सोमवार सुबह आसमान में स्मॉग की मोटी परत जमा हो गई। यहां AQI 322 दर्ज की गई। इसके अलावा मुंबई में भी हवा मध्यम दर्जे पर पहुंच गई। यहां सुबह AQI 127 तक पहुंच गया था। भोपाल का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) सोमवार को 33 रहा। यानी भोपाल की हवा सबसे बेहतर है।

दीपावली, दशहरा और पराली का ध्यान रखना होगा: राय

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली में ठंड बढ़ने लगी है और हवा की गति कम हो गई है, इससे प्रदूषण में बढ़ोतरी हो सकती है। साथ ही आस-पास के राज्यों के पर्यावरण मंत्रियों ने आश्वासन दिया है कि पराली जलाने पर कार्रवाई की जाएगी। राय ने कहा कि दीपावली, दशहरा और पराली का ध्यान रखना होगा। अगले 10 से 15 दिन दिल्ली के लिए महत्वपूर्ण हैं।

मुंबई में हवा मध्यम श्रेणी में बनी हुई

SAFAR ने सोमवार को मुंबई की हवा को मध्यम श्रेणी में आंका। सोमवार सुबह शहर की हवा की गुणवत्ता 127 AQI दर्ज की गई, जबकि पिछले हफ्ते मंगलवार को 115 AQI दर्ज की गई थी। इस महीने की शुरुआत में शहर की हवा अच्छी श्रेणी में आंकी गई थी।

एक्सपर्ट्स के मुताबिक हवा की क्वालिटी बिगड़ने का कारण शहर में बढ़ती गर्मी है। एक हफ्ते तक शहर का औसतन तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच रहा, जिसके कारण हवा की क्वालिटी मध्यम श्रेणी में आ गई।

मुंबई में लापरवाही बरतने वालों का काम बंद करने की चेतावनी

BMC ने शुक्रवार को चेतावनी दी थी कि अगर धूल और प्रदूषण रोकने के उपाय नहीं किए गए तो वह उन कंस्ट्रक्शन साइट को बंद करवा देगी जो नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। एक ऑफिशियल नोटिस में नगर निगम आयुक्त इकबाल सिंह चहल के हवाले से कहा गया कि वर्तमान में शहर में 6 हजार साइटों पर निर्माण कार्य चल रहा है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों से पता चला है कि दिन के दौरान शहर में कई स्थानों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI 200 (खराब) से ऊपर था। जिसके बाद नगर निगम आयुक्त ने कहा कि, सभी साइट पर मानकों का पालन हो। जो लापरवाही बरत रहे हैं उनका निर्माण रोक दिया जाएगा, चाहे वह निजी हो या सरकारी काम।

दिल्ली में अगले 5 दिन खराब रहेगी हवा:दिवाली पर पटाखे पूरी तरह से बैन की मांग, मुंबई में भी खराब हवा को देखते हुए चेतावनी दिल्ली में ठंड बढ़ने के साथ अब वहां स्मॉग का खतरा बढ़ने वाला है। अगले दो दिन तक सुबह के समय हल्की धुंध नजर आ सकती है। 23 अक्टूबर से दिल्ली-एनसीआर के इलाकों पर एक ताजा सिस्टम का प्रभाव दिखेगा। हवा का रफ्तार कम होने से दिल्ली में प्रदूषण बढ़ेगा।