आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय जनता पार्टी (BJP) की आज संसद भवन परिसर में संसदीय दल की बैठक हुई। इसमें पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई मंत्री-नेता मौजूद रहे। सबसे पहले तीन राज्यों में भाजपा की धमाकेदार जीत के लिए नेताओं ने पीएम मोदी का स्वागत किया। नेताओं ने ‘मोदी जी का स्वागत है’ के नारे भी लगाए।
बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मीडिया को ब्रीफ किया। उन्होंने बताया कि बैठक में पीएम ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भाजपा की जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया। पीएम ने कहा कि तीन राज्यों में हमें अच्छी जीत मिली, साथ ही तेलंगाना और मिजोरम में भी हमारी स्ट्रेंथ बढ़ी है। इसके अलावा पीएम ने तमिलनाडु-आंध्र प्रदेश में साइक्लोन मिचौंग से हुए नुकसान पर भी बात की।
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के लिए मुख्यमंत्री पद के दावेदारों पर चर्चा की संभावना जताई गई थी, हालांकि अब तक इससे जुड़ी कोई जानकारी सामने नहीं आई। कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा इस बार युवा चेहरों को सत्ता की बागडोर दे सकती है।
विधानसभा चुनाव जीतने वाले 12 में से 11 सांसदों ने इस्तीफा दिया
इससे एक दिन पहले ही विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कराने वाले भाजपा के 12 सांसदों में से 10 ने लोकसभा सांसद पद से इस्तीफा दिया था। राजस्थान से चुनाव जीतने वाले महंत बालकनाथ ने गुरुवार को इस्तीफा दिया। छत्तीसगढ़ की रेणुका सिंह ने अभी इस्तीफा नहीं दिया है।
संसद सदस्यता छोड़ने वालों में मध्य प्रदेश से नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद सिंह पटेल, राकेश सिंह, उदय प्रताप और रीति पाठक हैं। वहीं छत्तीसगढ़ से अरुण साव और गोमती साय, जबकि राजस्थान से राज्यवर्धन सिंह राठौड़, दीया कुमारी और किरोड़ी लाल मीणा शामिल हैं।
राजस्थान में सीएम पद को लेकर असमंजस
राजस्थान बीजेपी में यह पहला मौका है, जब मुख्यमंत्री को लेकर असमंजस बना है। इससे पहले कभी ऐसा नहीं हुआ। बीजेपी मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करके ही चुनाव लड़ती रही है, इसलिए कभी नतीजे आने के बाद असमंजस नहीं हुआ। पहले भैरोंसिंह शेखावत बीजेपी के सीएम चेहरे हुआ करते थे। 2003, 2008, 2013 और 2018 के विधानसभा चुनावों में वसुंधरा राजे पहले से सीएम चेहरा घोषित थीं, इसलिए असमंजस नहीं हुआ था।
वहीं बुधवार देर रात पूर्व सीएम वसुंधरा राजे दिल्ली पहुंचीं। रात करीब साढ़े 10 बजे वे जयपुर एयरपोर्ट से निकली थीं। बताया जा रहा है कि वे गुरुवार को संगठन के नेताओं से मुलाकात करेंगी। हालांकि दिल्ली बुलाने के कयासों के बीच वसुंधरा ने एयरपोर्ट पर कहा- मैं बहू से मिलने जा रही हूं।