आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दिल्ली में खतरनाक वायु प्रदूषण को लेकर 9 से 18 नवंबर तक स्कूलों में सर्दी की छुट्टियों का ऐलान किया गया है। हर साल दिसंबर-जनवरी के बीच स्कूलों में विंटर वेकेशन होता था। लेकिन इस बार प्रदूषण की वजह से नवंबर में ही छुटि्टयां कर दी गईं। दिल्ली के शिक्षा विभाग ने बुधवार (8 नवंबर) को यह आदेश जारी किया।

इससे पहले दिल्ली सरकार ने सिर्फ प्राइमरी स्कूलों को 10 नवंबर तक बंद रखने का निर्देश दिया था। दिल्ली में पिछले एक हफ्ते से ज्यादा समय से एयर क्वालिटी बहुत खराब है। बुधवार (8 नवंबर) को दिल्ली में ऐवरेज एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 421 दर्ज किया गया। कई इलाकों में AQI 450 के ऊपर रहा।

सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, आज सुबह 7 बजे पंजाबी बाग में AQI 460, बवाना में 462, आनंद विहार में 452 और रोहिणी में 451 रिकॉर्ड किया गया। आनंद विहार में 7 नवंबर को रात 10 बजे AQI 999 पहुंच गया था।

ऑड-ईवन पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद पर्यावरण मंत्री ने बैठक बुलाई

दिल्ली की खराब एयर क्वालिटी को लेकर पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने आज इमरजेंसी मीटिंग बुलाई थी। मीटिंग में ट्रांसपोर्ट, रेवेन्यू और दूसरे विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बताया गया कि मीटिंग में ऑड-ईवन सिस्टम लागू करने पर चर्चा की गई। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली सरकार के ऑड-ईवन सिस्टम को दिखावा बताया था।

दरअसल, दिल्ली सरकार ने दिवाली के अगले दिन यानी 13 नवंबर से 20 नवंबर तक ऑड-ईवन लागू करने का ऐलान किया था। इस बीच सुप्रीम कोर्ट में 7 नवंबर को दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर सुनवाई हुई। इस दौरान कोर्ट ने कहा कि ऑड-ईवन से प्रदूषण कम नहीं होता।

SC बोला- हमने एक्शन लिया तो हमारा बुलडोजर रुकेगा नहीं

सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान को पराली जलाने की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने का निर्देश दिया है। जस्टिस संजय किशन कौल ने कहा प्रदूषण को लेकर हमारा सब्र खत्म हो रहा है। दिल्ली को साल-दर-साल इस दौर से नहीं गुजरने दिया जा सकता। अगर हमने एक्शन लिया तो हमारा बुलडोजर रुकेगा नहीं।

क्रॉप रेसिड्यू बर्निंग (CRB) इन्फॉर्मेशन और मैनेजमेंट सिस्टम डेटा के अनुसार, नवंबर के पहले हफ्ते में पिछले साल के मुकाबले पराली जलाने की घटनाएं 35% बढ़ी है। 2022 में नवंबर के पहले हफ्ते में पराली जलाने की 7600 हुई थी। इस साल यह आंकड़ा बढ़कर 11790 हो गया है।

दिवाली के बाद दिल्ली की हवा में सुधार की संभावना

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR में दिवाली के बाद तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई है। वैज्ञानिकों का मानना है कि तेज हवा वातावरण में जमा प्रदूषण के कणों को आगे बढ़ने में मदद करेगी। इससे AQI में सुधार हो सकता है।