आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दिल्ली हाई कोर्ट से CM अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल को दो वोटर आईडी कार्ड रखने के मामले में राहत मिली है। दिल्ली हाई कोर्ट ने इस मामले में ट्रायल कोर्ट के समन पर रोक लगा दी है। भाजपा नेता हरीश खुराना ने आरोप लगाया था कि सुनीता केजरीवाल के पास दो वोटर कार्ड है, जिसमें एक यूपी के साहिबाबाद और दूसरा दिल्ली के चांदनी चौक के पते पर है। ट्रायल कोर्ट ने 28 अगस्त 2023 को सुनीता को समन जारी किया गया था।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
PFI पर 5 साल के बैन को चुनौती देने वाली याचिका खारिज, सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट जाने की छूट दी
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार (6 नवंबर) को पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) पर पांच साल के बैन को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी। सुप्रीम कोर्ट ने PFI को इस मामले में हाईकोर्ट जाने की छूट दी है। केंद्र सरकार ने सितंबर 2022 में PFI के अलावा 8 और संगठनों को देश की सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए बैन कर दिया था।
इस फैसले के खिलाफ PFI कर्नाटक हाईकोर्ट पहुंचा था, लेकिन 30 नवंबर 2022 को हाईकोर्ट ने उसकी याचिका खारिज कर दी थी। इसके खिलाफ अक्टूबर में PFI सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था।
केरल ब्लास्ट के आरोपी डोमिनिक मार्टिन को कोर्ट ने 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
केरल ब्लास्ट के आरोपी डोमिनिक मार्टिन को कोच्चि की प्रिंसिपल सेशन कोर्ट ने सोमवार (6 नवंबर) को 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। केरल के एर्नाकुलम में 29 अक्टूबर को ईसाई प्रार्थना सभा में विस्फोट हुआ था। इस ब्लास्ट में 3 लोगों की मौत हो गई थी, वहीं 41 लोग घायल हो गए। केरल धमाकों के कुछ घंटे बाद डोमिनिक मार्टिन ने यह दावा करते हुए सरेंडर किया कि उसने ही कन्वेंशन सेंटर में बम लगाया था।
श्रीलंका ने अपने क्रिकेट बोर्ड को भंग किया, वर्ल्डकप में खराब प्रदर्शन के बाद लिया फैसला
श्रीलंका ने अपने क्रिकेट बोर्ड को भंग कर दिया है। वर्ल्ड कप में श्रीलंकाई टीम के खराब प्रदर्शन को देखते हुए ये फैसला लिया गया है। इस वर्ल्डकप में श्रीलंका ने 7 मैच खेले जिसमें से सिर्फ 2 जीते। 2 नवंबर को श्रीलंका वर्ल्डकप से बाहर हो गया।
स्नेक वेनम केस में एल्विश यादव की जांच करने वाले सब-इंस्पेक्टर को पुलिस लाइंस ट्रांसफर किया गया
सांपों की तस्करी करने के आरोप में फंसे यूट्यूबर एल्विश यादव की जांच कर रहे नोएडा पुलिस के सब-इंस्पेक्टर को इस केस से हटा दिया गया है। नोएडा सेक्टर 49 के थाना इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर संदीप चौधरी को पुलिस लाइंस में ट्रांसफर कर दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने रविवार रात बताया कि संदीप चौधरी अपने थाने के अंतर्गत आने वाले इलाके में अपराध पर काबू पाने में असफल रहे थे, इसलिए उन्हें रिजर्व पुलिस लाइन में ट्रांसफर किया गया है।
पुडुचेरी के पूर्व मंत्री पी कन्नन का निधन, गंभीर निमोनिया से पीड़ित थे
पुडुचेरी के पूर्व मंत्री पी कन्नन का निमोनिया की बीमारी के चलते रविवार रात 9:51 बजे निधन हो गया। उन्हें कल ही लो ब्लड प्रेशर और सांस लेने में तकलीफ के चलते ईस्ट कोस्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने आखिरी सांस ली।