सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: दिल्ली में चुनाव 25 मई को हैं और यहाँ आप पार्टी की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल का मुद्दा चल रहा है। स्वाति का कहना है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के पीए ने उनके साथ मारपीट की। जिस दिन मारपीट हुई उसी दिन वे रिपोर्ट लिखाने थाने भी पहुँचीं, लेकिन रिपोर्ट नहीं लिखाई।
इस बीच आप नेता संजय सिंह ने स्वीकार किया कि स्वाति के साथ बदसलूकी हुई है और सीएम केजरीवाल दोषी के खिलाफ कार्रवाई ज़रूर करेंगे। लेकिन हुआ इसका उल्टा। इस घटना के बाद केजरीवाल के टूर पर बिभव कुमार उनके साथ नज़र आ गए। अन्य दलों ने इसकी निंदा की और कहा कि जब दोषी के खिलाफ कार्रवाई ही करनी होती तो उसे साथ लिए क्यों घूमते भला?
इस बीच कुछ लोगों ने कहा कि स्वाति का राज्यसभा टिकट किसी और को दिया जा रहा है इसलिए ये पूरा मामला बनाया जा रहा है। स्वाति ने इन सभी आरोपों का खंडन किया और आख़िर गुरुवार को मुख्यमंत्री के पीए विभव कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी।
जब घटना के दिन से ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे को उठा लिया तो आप पार्टी समझौते के मूड में आ गई थी। इसीलिए संजय सिंह ने एक सधा हुआ बयान दिया था लेकिन अब इस एफआईआर के बाद मामला आर- पार का हो चुका है। लगता है स्वाति और आप पार्टी में अब किसी समझौते की गुंजाइश नहीं रह गई है।
अगर उन्हें राजनीति में रहना है तो हो सकता है किसी दूसरी पार्टी का दामन थामना पड़े। फ़िलहाल तो भाजपा के कार्यकर्ता इस विवाद को खूब हवा दे रहे हैं। इस घटना के खिलाफ प्रदर्शन भी किए जा रहे हैं। अब तक यह बात सार्वजनिक नहीं हुई है कि एक महिला सांसद के साथ मुख्यमंत्री के पीए ने इस तरह मारपीट क्यों की?
आख़िर यह पूरा मामला किससे जुड़ा हुआ है? ख़ैर हक़ीक़त जो भी हो, आप पार्टी ने खुद ही चुनाव के ऐन पहले दूसरी राजनीतिक पार्टियों को एक बड़ा मुद्दा दे दिया है। इंडिया गठबंधन में शामिल दलों को इस मामले में कुछ भी बोलना भारी पड़ सकता है इसलिए वे सिर्फ़ यह कह रहे हैं कि महिला का सम्मान हमारे लिए सर्वोपरि है और जो भी दोषी होगा, उसके ख़िलाफ़ मुख्यमंत्री कार्रवाई ज़रूर करेंगे।
लगता है मामला इतनी जल्दी ठंडा होने वाला नहीं है। इस तरह का विवाद क्यों हुआ? इसके पीछे आख़िर क्या छिपा हुआ है, कोई नहीं जानता। कोई नहीं बताता। बहरहाल दिल्ली के चुनावों तक तो यह मामला खिंचना तय ही माना जा रहा है।
लोकसभा चुनाव 2024 की ताजा खबरें, रैली, बयान, मुद्दे, इंटरव्यू और डीटेल एनालिसिस के लिए दैनिक भास्कर ऐप डाउनलोड करें। 543 सीटों की डीटेल, प्रत्याशी, वोटिंग और ताजा जानकारी एक क्लिक पर।