आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दिल्ली व अमृतसर से शिमला के लिए नई फ्लाइट शुरू हो गई है। एलायंस एयर का छोटा विमान आज सुबह 7:10 बजे दिल्ली से शिमला के लिए उड़ा और 8:10 बजे शिमला पहुंचा। शिमला से यह फ्लाइट 8:45 पर अमृतसर के लिए उड़ी। 9:45 पर यह अमृतसर लैंड की। 10:10 बजे अमृतसर से वापस शिमला के लिए फ्लाइट उड़ी और 11.10 बजे शिमला पहुंची। यह फ्लाइट शिमला से धर्मशाला उड़ेगी और शिमला से वापस दिल्ली जाएगी।

एलायंस एयर के स्टेशन प्रबंधक दिनेश सूद ने बताया कि आज सुबह दिल्ली से 35 सवारियों को लेकर एलायंस एयर का छोटा विमान शिमला पहुंचा। शिमला से छह सवारियां लेकर विमान अमृतसर के लिए उड़ा। अमृतसर से शिमला के लिए 18 सवारियां विमान में पहुंचा है।

दिनेश ने बताया बताया कि 48 सीटर विमान अब सप्ताह में तीन दिन दिल्ली से शिमला, शिमला से अमृतसर, अमृतसर से वापस शिमला, शिमला से धर्मशाला और धर्मशाला से दिल्ली के लिए उड़ेगा। इस रूट पर प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को फ्लाइट उड़ेगी।

हिमाचल पर्यटन विभाग की निदेशक मानसी ने बताया कि आज से फ्लाइट शुरू हो गई है।

किराए पर 50% छूट

‘उड़ान योजना’ के तहत किराए में 50 प्रतिशत छूट दी जाएगी। अमृतसर से शिमला का किराया 1919 रुपए निर्धारित किया गया है। यह किराया शुरू के एक महीने के लिए तय है। इसके बाद अमृतसर शिमला रूट पर 2848 रुपए किराया देना होगा। इसी तरह दिल्ली से शिमला के लिए 4904 रुपए, शिमला से दिल्ली के लिए 5063 रुपए किराया तय किया है।

ये रहेगी फ्लाइट की टाइमिंग

दिनेश सूद ने बताया कि दिल्ली से फ्लाइट की टाइमिंग सुबह 7:10 बजे रहेगी। सुबह 8:20 बजे शिमला के जुब्बड़हट्‌टी पहुंचेगी। सुबह 8:45 बजे शिमला से अमृतसर के लिए उड़ेगी। सुबह 9:50 बजे यह अमृतसर लैंड करेगा। सुबह 10:15 बजे फ्लाइट वापस शिमला चलेगी और सुबह 11:10 बजे शिमला लैंड करेगी।

शिमला से धर्मशाला के लिए सुबह 11:35 बजे पर उड़ेगी और दोपहर 12:45 बजे पर धर्मशाला पहुंचेगी। धर्मशाला से दोपहर बाद 1:10 पर दिल्ली के लिए उड़ेगी और 2.55 पर पहुंचेगी। एलायंस एयर अधिकारियों के मुताबिक फ्लाइट की टाइमिंग में हल्का बदलाव हो सकता है। यह दिल्ली से सुबह उड़ने वाली फ्लाइट के स्लॉट पर निर्भर करेगा।

हिमाचल में पर्यटन उद्योग को मिलेगा फायदा

इस रूट पर फ्लाइट शुरू होने से यात्री दिल्ली व अमृतसर से एक घंटे में शिमला और धर्मशाला पहुंच पाएंगे। इससे टूरिज्म इंडस्ट्री को फायदा मिलेगा। पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोग भी इस सेवा का फायदा उठा सकेंगे और आने-जाने समय की बचत होगी।

प्रदेश में विंटर टूरिस्ट सीजन शुरू हो गया है। पहाड़ों पर जैसे ही ज्यादा बर्फबारी होगी, उसके बाद अधिक संख्या में पर्यटक पहाड़ों का रुख करेंगे।

गोल्डन टेंपल आने वाला धार्मिक पर्यटक भी पहुंच सकेगा शिमला

हिमाचल में सबसे ज्यादा टूरिस्ट पड़ोसी राज्य पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा और दिल्ली से आता है। ऐसे में दिल्ली व अमृतसर से फ्लाइट शुरू होने के बाद टूरिस्ट भी आसानी से पहाड़ों की रानी शिमला पहुंच पाएगा। इसी तरह जो धार्मिक पर्यटक स्वर्ण मंदिर पहुंचेगा, वह शिमला का भी रुख कर सकेगा।

पर्यटन कारोबारियों में खुशी की लहर

इस उड़ान के शुरू होने से पर्यटन कारोबारी भी खुश है। शिमला होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष एमके सेठ ने बताया कि फ्लाइट शुरू होने से टूरिज्म इंडस्ट्री को फायदा होगा। इससे पर्यटक आसानी से शिमला पहुंच पाएगा।