मुम्बई । पूर्व भारतीय विकेटकीपर पार्थिव पटेल ने कहा है कि पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) की ओर से पारी की शुरुआत करें। आईपीएल के इस 15 वें सत्र से पहले ही धोनी ने अपना पद छोड़ दिया था। इस कारण ऑलराउंडर रविन्द्र जडेजा को कप्तान बनाया गया पर टीम के लिए यह सत्र अब तक अच्छा नहीं रहा है और उसे अपने सभी चारों मैचों में हार का सामना करना पड़ा है।
पार्थिव पटेल ने कहा, धोनी वह खिलाड़ी हैं, जिन्होंने सीएसके को कई साल तक शक्तिशाली बनाए रखा है। उन्होंने सलामी बल्लेबाज के रूप में करियर शुरू किया था। ऐसे में वह करियर के अंतिम पड़ाव पर ऐसा क्यों नहीं कर सकते? उन्होंने कहा कि अभी वे 7वें नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे हैं और इस कारण उन्हें 10 से 15 गेंद ही खेलने को मिलती हैं तो क्यों न वह नंबर-3, नंबर-4 या फिर पारी की शुरुआत करें। अगर वह 14-15 ओवर तक बल्लेबाजी करते हैं, तो कुछ भी हो सकता है।
सीएसके की ओर से पिछले सत्र में सलामी बल्लेबाज ऋजुराज गायकवाड़ ने शानदार प्रदर्शन किया था और सबसे अधिक 635 रन बनाते हुए ऑरेंप कैप पर कब्जा किया था पर वह इस सत्र में लय में नहीं हैं। उन्होंने 4 पारियों में क्रमश: 0, 1, 1 और 16 रन बनाए हैं। वहीं दूसरे सलामी बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा ने भी पिछली 4 पारियों में 27 की औसत से केवल 106 रन ही बना सके हैं जबकि धोनी ने इस सत्र की शुरुआत अर्धशतक के साथ की थी।