आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एविएशन इंडस्ट्री की देखरेख करने वाली संस्था DGCA (डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन) ने गुरुवार को बताया कि कुछ गलतियों के चलते एअर इंडिया के फ्लाइट सेफ्टी चीफ को एक महीने के लिए सस्पेंड कर दिया गया है।
जुलाई 25 और 26 को DGCA की टीम ने एअर इंडिया के इंटरनल ऑडिट, एक्सीडेंट प्रिवेंशन वर्क और जरूरत के मुताबिक टेक्निकल स्टाफ की उपलब्धता का निरीक्षण किया था। इसमें DGCA को एअर इंडिया की तरफ से किए जा रहे एक्सीडेंट प्रिवेंशन वर्क में कमियां मिली थीं। इसके साथ ही जितने मैनपावर की जरूरत थी, वह भी नहीं था।
सुप्रीम कोर्ट का कावेरी जल विवाद में दखल से इनकार; प्राधिकरण से कहा- हर 15 दिन में बैठक करें
सुप्रीम कोर्ट ने कावेरी जल विवाद में दखल देने इनकार कर दिया है। कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण (CWMA) ने कर्नाटक को तमिलनाडु के लिए फिलहाल 5000 क्यूसेक पानी छोड़ने का आदेश दिया था। जिसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगी थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने अथॉरिटी को इस मसले पर हर 15 दिन में बैठक करने को कहा है।
रेलवे ने एक्सीडेंट मुआवजा राशि 10 गुना बढ़ाई, अब मृतक के परिजन को 5 लाख और घायल को 2.5 लाख मिलेंगे
रेलवे बोर्ड ने रेल दुर्घटना से जुड़ी राहत राशि में 10 गुणा वृद्धि की है। इसके तहत ट्रेन हादसे में किसी की मौत होने पर सहायता राशि 50 हजार रुपए से बढ़ाकर 5 लाख रुपए कर दी गई है। गंभीर चोट के लिए सहायता राशि 25 हजार रुपए से बढ़ाकर 2.5 लाख रुपए कर दी गई है। साथ ही मामूली चोट की स्थिति में सहायता राशि 5 हजार से 50 हजार रुपए की गई है। यह 18 सितंबर 2023 से लागू होगा। इससे पहले 2012-2013 में इस राशि में संशोधन किया गया था।
कनाडा में खालिस्तानी गैंगस्टर सुक्खा दुन्नेके की गोली मारकर हत्या, NIA की वांटेड लिस्ट में शामिल था
खालिस्तान टाइगर फोर्स (KTF) के आतंकी हरदीप निज्जर के कत्ल को लेकर भारत-कनाडा के बीच तनाव के बीच कनाडा में भारत के A कैटेगरी गैंगस्टर सुखदूल सिंह गिल उर्फ सुक्खा दुन्नेके का कत्ल कर दिया गया है। वह पंजाब से साल 2017 में जाली पासपोर्ट तैयार करवा कनाडा फरार हुआ था।
शुरुआती जानकारी के अनुसार सुक्खा दुन्नेके को कनाडा के विनीपिग में गोलियां मारी गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दुनेके पर करीब 15 राउंड फायरिंग हुई है। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। यह उन 41 आतंकियों व गैंगस्टरों की सूची में शामिल था, जिसे NIA ने भी जारी किया था।