सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: ग्रैप-2 के बावजूद दिल्ली की हवा बेहाल, सात इलाकों में AQI 400 पार
नई दिल्ली: दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) के दूसरे चरण के लागू होने के बावजूद राजधानी की हवा में सुधार के संकेत नहीं दिख रहे हैं। मंगलवार सुबह केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 331 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। वहीं, राजधानी के सात इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया और हवा गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई।
सबसे खराब स्थिति जहांगीरपुरी में रही, जहां AQI 449 दर्ज किया गया। रोहिणी में यह 429, पंजाबी बाग में 424, अलीपुर में 413, विवेक विहार में 410, नरेला में 406 और बवाना में 403 रहा। इन सभी क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है। दूसरी ओर, ITO में AQI 373, मंदिर मार्ग पर 368 और ओखला फेज-2 में 352 दर्ज किया गया।
प्रदूषण की स्थिति बिगड़ने के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने सोमवार को पूरे दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-2 की पाबंदियां लागू की थीं। इसके तहत सड़कों की मैकेनिकल और वैक्यूम स्वीपिंग, पानी के साथ डस्ट सप्रेसेंट का छिड़काव और प्रदूषण हॉटस्पॉट तथा निर्माण स्थलों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। निजी वाहनों का इस्तेमाल कम करने के लिए पार्किंग शुल्क बढ़ाने और सार्वजनिक परिवहन को प्रोत्साहित करने जैसे कदम भी शामिल हैं।
नोएडा में भी प्रदूषण का असर दिखाई दिया। सेक्टर-62 में AQI 404 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में है। लगातार बिगड़ती हवा के बीच बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
Hashtags: #DelhiState #Delhi #ग्रैप #बावजूद #दिल्ली #हवा #बेहाल #सात #इलाकों #ग्रैप2केबावजूद