सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: नई दिल्ली: दिल्ली में वायु प्रदूषण एक बार फिर गंभीर स्थिति की ओर बढ़ रहा है। दिवाली से पहले राजधानी के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया है। सोमवार, 2 नवंबर को दिल्ली का औसत AQI शाम तक 324 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। वहीं, रोहिणी में AQI 405 तक पहुंचने के साथ हवा गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, रोहिणी के अलावा अलीपुर में AQI 375, विवेक विहार में 370, नरेला में 363 और चांदनी चौक में 358 दर्ज किया गया। अक्षरधाम और आईटीओ में यह 349, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 343 तथा इंडिया गेट-जनपथ क्षेत्र में 335 रहा। आनंद विहार में अपेक्षाकृत कम, लेकिन खराब श्रेणी का AQI 242 दर्ज किया गया।

प्रदूषण में बढ़ोतरी के बीच वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 2 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का दूसरा चरण लागू कर दिया। इसके तहत सड़कों की मैकेनिकल सफाई, पानी का छिड़काव, निर्माण स्थलों पर निगरानी और प्रदूषण वाले क्षेत्रों में नियंत्रण के उपाय तेज किए गए हैं।

वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए दिल्ली की सीमाओं पर जांच अभियान भी चलाया जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस ने बाहरी राज्यों से आने वाले निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले वाहनों को वापस भेजने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई तेज की है।

विशेषज्ञों के अनुसार, इस स्तर के प्रदूषण में लंबे समय तक रहने से सांस लेने में परेशानी हो सकती है। बच्चों, बुजुर्गों और हृदय या फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


Hashtags: #DelhiState #Delhi #दिल्ली #हवा #फिर #बिगड़ी #इलाकों #Aqi #400 #दिल्लीकीहवाफिर