आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की काउंटिंग से एक दिन पहले 2 दिसंबर को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में बयान दिया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, यह दिल्ली में बैठे हमारे नेता तय करेंगे।
सीएम शिवराज सिंह चौहान के प्रति हाईकमान की नाराजगी के सवाल पर विजयवर्गीय ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व को इतनी फुर्सत नहीं है कि वह नाराजगी के लिए समय दे। हमारे यहां इंटरनल डेमोक्रेसी है। वहां विधायक दल की बैठक होगी। फिर नाम तय होगा। उसके बाद पार्लियामेंट्री बोर्ड उस पर मुहर लगाएगा। बीजेपी का कोई कार्यकर्ता ही सीएम बनेगा।
विजयवर्गीय ने यह दावा भी किया कि जमीन पर जो सर्वेक्षण हुए हैं, उनमें साफतौर पर कहा गया है कि भाजपा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सरकार बनाएगी। हमने विकास किया है, इसलिए जनता हमें प्यार कर रही है। हमें फिर से सरकार में ला रही है। मैं दो महीने के अंदर 103 सीटों पर गया हूं, इसलिए दावे से कह रहा हूं कि हम लोग सरकार बनाएंगे। हमारी 150 से ऊपर सीटें आएंगी।
हारने पर कांग्रेस ईवीएम-प्रशासन पर आरोप लगाएगी- कैलाश
विजयवर्गीय ने कहा, कांग्रेस यदि यहां 75 सीट भी ले आई तो मुझे बड़ा आश्चर्य रहेगा। कांग्रेस ने अपनी हार मान ली है। कांग्रेस जब हार जाएगी तो ईवीएम पर आरोप लगाएगी। प्रशासन पर आरोप लगाएगी। चुनाव आयोग पर आरोप लगाएगी। यह पटकथा पहले से लिखी जा चुकी है। कांग्रेस को आत्म विश्लेषण करने की जरूरत है।
शिवराज बोले- सारे अनुमान फेल हो जाएंगे
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा, समाज के हर वर्ग से भाजपा को अभूतपूर्व समर्थन मिला है। मध्य प्रदेश में भाजपा को भारी बहुमत मिलने जा रहा है। अब तक के सारे अनुमान फेल हो जाएंगे। 3 दिसंबर को सूरज के प्रकाश की तरह सबकुछ साफ हो जाएगा।
वहीं, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, हमें पूरा विश्वास है कि मतगणना में भाजपा मध्य प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। 24 घंटे इंतजार करें, नतीजे हमारे सामने होंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और इंदौर-1 विधानसभा सीट से प्रत्याशी कैलाश विजयवर्गीय के यह चर्चित बयान भी पढ़ें…
संघ चुनावी सर्वे कराता है, ये सब बकवास बातें
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ और उससे बाहर होकर गृहमंत्री अमित शाह की टीम में पांच राज्यों के चुनाव की कमान संभालने की चर्चाओं के बीच भाजपा के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय गुरुवार को दैनिक भास्कर इंदौर के कार्यालय पहुंचे।
‘मेरी चुनाव लड़ने की एक परसेंट इच्छा नहीं थी। अब बड़े नेता हो गए, हाथ जोड़ने कहां जाएंगे।’ BJP के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय 26 सितंबर को एक वीडियो में ये बात कहते सुनाई दिए थे, जो वायरल हो गया। एक दिन पहले ही उन्हें पार्टी ने इंदौर-1 सीट से टिकट दिया था। अब विजयवर्गीय चुनावी मोड में हैं। कह रहे हैं, ‘चुनाव नहीं लड़ना चाहता था, पर मैदान में उतरा हूं, तो जीतूंगा भी। पार्टी दरी बिछाने के लिए कहेगी, तो बिछाऊंगा।’