आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जब्त नोटों की संख्या इतनी ज्यादा कि उन्हें गिनने के लिए मंगवाई गई मशीनें भी खराब हो गईं।
157 बैग में भरकर ट्रक से रुपए पहुंचाए गए बैंक, और बैग नहीं मिले तो, बोरे में भरे गए नोटों के बंडल।
नोटों की गिनती में दो दिन और लगेंगे, जब्त राशि बढ़ सकती है
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के तीन राज्यों झारखंड, ओडिशा और प. बंगाल के 10 ठिकानों पर बुधवार से चल रही छापेमारी में आयकर विभाग ने अब तक 200 करोड़ रुपए से अधिक कैश जब्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस छापेमारी की खबर को ट्वीट करते हुए लिखा,देशवासी इन नोटों के ढेर को देखें और फिर इनके नेताओं के ईमानदारी के ‘भाषणों’ को सुनें… जनता से जो लूटा है, उसकी पाई-पाई लौटानी पड़ेगी, यह मोदी की गारंटी है।
गुरुवार से शुरू हई नोटों की गिनती अब जारी रही। आयकर विभाग ने शराब बनाने वाली कंपनी बलदेव साहू एंड ग्रुप ऑफ कंपनीज के बोलांगीर कार्यालय से करीब 30 किमी दूर सतपुड़ा ऑफिस से 200 करोड़ रुपए कैश बरामद किए हैं।
कई कारोबारी, नेता और अधिकारी रडार में
झारखंड के कई दिग्गज कारोबारी, नेता और अधिकारी जांच एजेंसियों की रडार में हैं। झारखंड में एक साथ कई जगहों पर छापेमारी चल रही है। कांग्रेस सांसद धीरज साहू की बौध डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड (बीडीपीएल) व्यापारिक समूह के ठिकानों पर छापेमारी जारी है। दूसरी तरफ राज्य के चर्चित उद्योगपति रामचंद्र रुंगटा (आरसी रुंगटा) के व्यापारिक समूह के 18 और उनके सहयोगी ‘ग्रीन टेक’ के 25 समेत कुल 43 ठिकानों पर छापेमारी जारी है। इसके साथ ही अवैध खनन और मनी लांड्रिंग मामले में गुरुवार सुबह करीब 10:00 बजे सीबीआइ ने करीब आठ ठिकानों पर छापेमारी की गयी।
अब तक की सबसे बड़ी रेड साबित हो सकती है
सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग सहित कई जांच एजेंसियां राज्य में मिलकर काम कर रही है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार धीरज साहू के यहां कई बड़ी अलमारियां मिली है जिनमें 200 करोड़ से ज्यादा की नकदी मिली है। इनकी गिनती अब भी जारी है। नकदी का सही आंकड़ा गिनती के बाद ही सार्वजनिक किया जायेगा। हैदराबाद के डीजी इनवेस्टिगेशन संजय बहादुर खुद ओडिशा पहुंचे हैं। ओड़िशा के कई बड़े अधिकारी कैंप कर रहे हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, उक्त राशि के देश में कानूनी तरीके से जब्त की जानेवाली सबसे बड़ी नकदी होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
देश में अब तक जब्त बड़ी नकदी कौन सी है
200 करोड़ रुपये : जीएसटी की छापामारी के दौरान पीयूष जैन के ठिकानों से जब्त किये गये थे.
142 करोड़ रुपये : चेन्नई में आयकर विभाग द्वारा की गयी छापामारी के दौरान जब्त किये गये थे.
95 करोड़ रुपये : कानपुर में आयकर छापे में जब्त हुए थे. पूरी रकम बंद हो चुके पुराने नोटों की थी.
500, 200 और 100 रुपए के नोटों की गड्डियां 9 अलमीरा में भरे हुए थे। इनकम टैक्स की झारखंड-ओडिशा-बंगाल में अब तक की यह सबसे बड़ी छापेमारी है। बलदेव साहू एंड ग्रुप ऑफ कंपनीज पश्चिमी ओडिशा में सबसे बड़ी देसी शराब निर्माता और विक्रेता कंपनियों में से एक है। आयकर विभाग की 40 सदस्यीय टीम ने बुधवार की सुबह 6.30 बजे से ओडिशा के बौध, बोलांगीर, रायगढ़ा व संबलपुर के अलावा झारखंड के रांची-लोहरदगा और कोलकाता में एक साथ छापेमारी शुरू की थी। कार्रवाई अभी जारी है।