आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कांग्रेस ने 27 अक्टूबर को तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए 45 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी। इसमें पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन का भी नाम शामिल है। पार्टी ने उन्हें जुबली हिल्स से कैंडिडेट्स बनाया है।

इसके अलावा पार्टी ने सीनियर नेता मधु गौड़ याक्षी को बहादुर लाल नगर, के राजगोपाल रेड्डी को मुनुगोडे, मुरली नाइक को महबूबाबाद और रॉबन रेड्डी को अंबरपेट से टिकट दिया गया है।

यह लिस्ट दिल्ली में कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की मीटिंग के बाद जारी की गई है। पिछले तीन दिनों में कांग्रेस CEC की यह दूसरी बैठक है।

इससे पहले कांग्रेस ने तेलंगाना की 119 विधानसभा सीटों में से 55 सीटों पर 15 अक्टूबर को उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था। 27 अक्टूबर को पार्टी ने 45 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी। इस तरह से कांग्रेस ने राज्य में 100 उम्मीदवारों के नाम जारी कर दिए हैं।

अब कांग्रेस के 45 उम्मीदवारों की लिस्ट देख लीजिए…

बैठक के बाद खड़गे बोले- तेलंगाना बदलाव के लिए तैयार

25 अक्टूबर को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई मीटिंग में सोनिया गांधी पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल, सलमान खुर्शीद समेत तेलंगाना के कई नेता शामिल रहे। बैठक के बाद खड़गे ने कहा था- भाजपा, BRS, और AIMIM के पास झूठ, लूट और कमीशन के अलावा राज्य की जनता को दिखाने के लिए कुछ नहीं है। तेलंगाना बदलाव के लिए तैयार है।

तेलंगाना की सभी सीटों पर एक साथ 30 नवंबर को चुनाव होंगे। चुनाव आयोग ने 9 अक्टूबर को तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और मिजोरम में मतदान के तारीख की घोषणा की थी। पांचों राज्यों में 3 दिसंबर को चुनाव के नतीजे आएंगे।

तेलंगाना में भाजपा ने 52 कैंडिडेट्स का ऐलान किया

भाजपा ने तेलंगाना में 52 कैंडिडेट्स की पहली लिस्ट 22 अक्टूबर को जारी की। पार्टी ने राज्य में अपने 4 में से 3 सांसदों को टिकट दिया है। इसके अलावा राज्य में भाजपा के इकलौते विधायक टी राजा सिंह को भी टिकट मिला है। टी राजा को अगस्त 2022 में सस्पेंड किया गया था। भाजपा ने लिस्ट जारी करने से थोड़ी देर पहले उनका निलंबन रद्द कर दिया। इनके अलावा 13 महिलाओं को भी चुनावी मैदान में उतारा गया है।

2018 में कांग्रेस को 19 सीटें मिली, भाजपा सिर्फ एक सीट पर जीती

तेलंगाना में 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खाते में 19 सीटें आई थीं। भाजपा को सिर्फ एक सीट मिली थी। मौजूदा मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की पार्टी TRS (2022 को पार्टी का नाम तेलंगाना राष्ट्र समिति से बदलकर भारत राष्ट्र समिति कर दिया गया) को सबसे ज्यादा 88 सीट मिली थीं। तेलंगाना राष्ट्र समिति ने बहुमत हासिल कर सरकार बनाई थी। चंद्रशेखर राव दूसरी बार सीएम बने थे।

मौजूदा स्थिति की बात करें तो सत्ताधारी पार्टी BRS के पास इस वक्त 119 विधानसभा सीटों में से 101 विधायक हैं। वहीं असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के पास 7 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास पांच, भाजपा के पास तीन, AIFB के पास एक, एक नॉमिनेटेड और एक निर्दलीय विधायक है। तेलंगाना विधानसभा का कार्यकाल 16 जनवरी 2024 को खत्म होने वाला है।

MP में BJP के 92 प्रत्याशियों की 5वीं लिस्ट जारी:3 मंत्री समेत 29 विधायकों के टिकट काटे, इनमें विजयवर्गीय का बेटा भी

मध्यप्रदेश में बीजेपी ने 92 कैंडिडेट्स की 5वीं लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में मौजूदा 67 विधायकों में से 37 को फिर से मौका मिला है, जबकि 3 मंत्रियों समेत 29 विधायकों के टिकट काटे गए हैं। इंदौर-3 सीट से कैलाश विजयवर्गीय के विधायक बेटे आकाश का टिकट काट दिया गया है।