पुणे । मुंबई इंडियंस टीम का प्रदर्शन आईपीएल के इस 15 वें सत्र में बेहद खराब रहा है और टीम अब तक एक भी मैच नहीं जीती है। टीम के कप्तान रोहित शर्मा भी अब तक एक बार भी बड़ी पारी नहीं खेल पाये हैं जिससे प्रशंसकों में निराशा है पर इसके बाद भी टीम के के कोच महेला जयवर्धने चिन्तित नहीं हैं। जयवर्धने के अनुसार रोहित को फार्म में आने के लिए केवल एक बड़ी पारी की जरुरत है।
अब तक के मैचों में रोहित अच्छी शुरुआत के बाद भी अधिक रन नहीं बना पाये हैं। इस सत्र में उन्होंने अब तक 21.60 के औसत से केवल 108 रन ही बनाए हैं। जयवर्धने ने कहा, ‘अगर आप उसके पारी शुरू करने के तरीके को देखो तो वह जिस तरह से गेंद हिट करता है, वो शानदार है।
वह गेंद की अच्छी टाइमिंग कर रहा है, उसे कुछ बहुत अच्छी शुरूआत मिल रही हैं। हां, वह निराश भी है कि वह इन्हें बड़ी पारियों में नहीं बदल पा रहा है।’ उन्होंने कहा, ‘हमने रोहित को 14-15 ओवर तक गहराई से बल्लेबाजी करते और बड़े स्कोर बनाते देखा है , इसलिए उन्हें किस सलाह की जरुरत नहीं है। यह केवल समय की बात है। वह बेहतरीन खिलाड़ी है और मैं उसकी फॉर्म को लेकर परेशान नहीं हूं।’
मुंबई इंडियंस को लगातार पांच मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। पंजाब किंग्स से मिली हार को लेकर जयवर्धने ने कहा, ‘हम छह बल्लेबाजों के साथ खेल रहे थे और हमने मैच में जीत के लिए पूरा प्रयास किया था।’ पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे सूर्यकुमार ने 30 गेंद में 43 रन बनाये पर वह 19वें ओवर में आउट हो गए।
कोच ने कहा, ‘पावरप्ले में गेंदबाज गेंद को थोड़ा स्विंग करते हैं इसलिए मैं सूर्या का उस हालात में नहीं लाना चाहता था क्योंकि इससे वह अपना स्वाभाविक खेल नहीं खेल पाता। यह रणनीति का हिस्सा था।’ उन्होंने कहा कि योजना यही थी कि मध्यक्रम में युवाओं को अधिक आजादी से खेलने दिया जाए और सूर्यकुमार तथा कीरोन पोलार्ड फिनिशर की भूमिका निभाएं क्योंकि हम जानते हैं कि ये दो युवा खिलाड़ी ऐसा करने में सक्षम हैं। उन्होंने यह भी माना कि तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर के नहीं खेलने से भी टीम की गेंदबाजी प्रभावित हुई है।