आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : नामांकन वापसी के बाद चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। विधानसभा वार प्रत्याशी तय हो चुके हैं। प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर अब 2533 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसके बाद EVM में विधानसभा वार प्रत्याशियों के नाम कैद करने की तैयारी शुरू कर दी है।

चुनाव आयोग के निर्देश पर सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशियों की संख्या और नाम के आधार पर मत पत्रों की छपाई का काम शुरू हो गया है। जिसे शनिवार तक पूरा होने का अनुमान है।

इन मतपत्रों को कड़ी सुरक्षा में रखा जाएगा, और तय समय पर जिलों में भेज दिया जाएगा। इसके बाद ईवीएम और वीवीपैट के साथ कनेक्ट करने की कार्यवाही पूरी कर ली जाएगी।

जिलाें से CEO आई प्रत्याशियों की सूची

अब मतदान के लिए 13 दिन का समय बाकी है। ऐसे में प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े काम तेज हो गए हैं। 2 नवंबर को नाम वापसी के बाद जिला निर्वाचन अधिकारियों ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को आवंटित चुनाव चिन्ह के आधार पर विधानसभा वार प्रत्याशियों की सूची भेज दी है।

इस सूची की जांच के बाद सीईओ एमपी इलेक्शन कार्यालय ने चुनाव आयोग को इसका ब्यौरा भेज दिया है। साथ ही मतपत्रों की छपाई का काम भी शुक्रवार से शुरू हो गया है जो शनिवार तक पूरा होने की उम्मीद है।

MP में 64523 मतदान केंद्र

मतपत्र छपाई के लिए चुनाव आयोग ने जो व्यवस्था तय की है उसमें पहले से चिह्नित 64523 मतदान केंद्रों के अलावा 2 दिन पहले मंजूर किए गए 103 सहायक मतदान केंद्रों में उपयोग की जाने वाली ईवीएम संख्या के आधार पर किए जाएंगे।

बताया गया कि कई विधानसभा क्षेत्रों में दो से तीन ईवीएम के उपयोग की स्थिति है, इसके बाद भी ऐसे मतदान केंद्रों में ईवीएम बढ़ने का कोई असर मतपत्रों की संख्या पर नहीं पड़ेगा। यहां मुख्य मतदान केंद्र और सहायक मतदान केंद्र के आधार पर ही मतपत्र छापे जा रहे हैं।

प्रेक्षकों, चुनाव अधिकारियों की देख-रेख में हर काम

चुनाव संबंधी कामों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए चुनाव आयोग के निर्देश पर चुनाव प्रेक्षक और चुनाव अधिकारियों की देख-रेख में सारी प्रक्रिया कराई जाएगी। इसके साथ ही हर गतिविधि की वीडियो ग्राफी भी कराई जा रही है ताकि किसी तरह की शिकायत की स्थिति न बने।