सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : चुनाव आयोग (EC) ने लोकसभा चुनाव से पहले 1 मार्च से 13 अप्रैल तक चेकिंग के दौरान देश भर में 4658.13 करोड़ रुपए जब्त किए हैं। इनमें कैश, सोना-चांदी, शराब, ड्रग्स और कीमती सामान शामिल हैं। लोकसभा चुनाव के 75 साल के इतिहास में ये अब तक की सबसे बड़ी जब्ती है। आयोग ने 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान 3475 करोड़ रुपए सीज किए गए थे।
EC ने सोमवार को बताया कि चुनावों की आधिकारिक घोषणा से पहले जनवरी और फरवरी में कुल 7502 करोड़ रुपए जब्त किए गए थे। इस तरह, जनवरी से 13 अप्रैल तक कुल 12 हजार करोड़ रुपए से अधिक की जब्ती की गई है।
हर दिन करीब 100 करोड़ की जब्ती हो रही
आयोग के मुताबिक, 1 मार्च के बाद से जब्त किए गए सामान में 2068.85 करोड़ के ड्रग्स, 1142.49 करोड़ के मुफ्त में बांटे जाने वाले सामान, 562.10 करोड़ की कीमती धातुएं, 489.31 करोड़ की शराब और 395.39 करोड़ कैश शामिल है। कैश सहित सभी सामानों को मिलाकर हर दिन करीब 100 करोड़ रुपए सीज किए जा रहे हैं।
तमिलनाडु में सबसे ज्यादा कैश, कर्नाटक में सबसे ज्यादा शराब जब्त
सबसे ज्यादा कैश तमिलनाडु में 53 करोड़, तेलंगाना में 49 करोड़, महाराष्ट्र में 40 करोड़, कर्नाटक और राजस्थान में 35-35 करोड़ रुपए से ज्यादा जब्त किए गए हैं।
कर्नाटक में सबसे ज्यादा 124.3 करोड़ की शराब सीज की गई। इसके बाद पश्चिम बंगाल में 51.7 करोड़, राजस्थान में 40.7 करोड़, उत्तर प्रदेश में 35.3 करोड़ और बिहार में 31.5 करोड़ रुपए की शराब जब्त की गई।
ड्रग्स जब्ती में गुजरात सहित ये 5 राज्य सबसे आगे
आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, कुल जब्ती में 45 फीसदी ड्रग्स और नशीले पदार्थ हैं। गुजरात से सबसे ज्यादा करीब 485.99 करोड़ रुपए के ड्रग्स बरामद किए गए हैं। इसे बाद तमिलनाडु में 293.02 करोड़, पंजाब में 280. 81 करोड़, महाराष्ट्र में 213.56 करोड़ और दिल्ली में 189. 94 करोड़ के ड्रग्स जब्त किए गए हैं।
भाजपा को कांग्रेस से 7 गुना ज्यादा फंडिंग: इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए 2023 में मिले 1300 करोड़ रुपए
भारतीय जनता पार्टी को इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए 2022-23 में कुल 1300 करोड़ रुपए की फंडिंग मिली है। जबकि इन्हीं बॉन्ड के जरिए कांग्रेस को महज 171 करोड़ रुपए का फंड मिला है। 2021-22 में BJP की कुल इनकम ₹1,917 करोड़ थी। 2022-23 में यह बढ़कर ₹2,361 करोड़ हो गई है।
नेशनल पार्टियों की 2022-23 में 3077 करोड़ रुपए इनकम: भाजपा के पास सबसे ज्यादा 2361 करोड़ रुपए, कांग्रेस को 452 करोड़ मिले
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने बताया कि देश की 6 नेशनल पार्टियों ने वित्त वर्ष 2022-23 में अपनी कुल आय लगभग 3077 करोड़ रुपए घोषित की है। इसमें भाजपा का हिस्सा सबसे ज्यादा है। भाजपा के पास लगभग 2361 करोड़ रुपए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा की आय छह राष्ट्रीय दलों की कुल आय का 76.73 प्रतिशत है।