आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : चंडीगढ़ के PG के बाथरूम में हिडन कैमरा लगा साथी लड़कियों की अश्लील वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। यह कैमरा गीजर के ऊपर छुपाया हुआ था।

जैसे ही इसका पता चला तो कैमरा देखने वाली लड़की ने PG के मालिक को बताया। जिसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई।

पुलिस ने वहीं साथ रहने वाली एक लड़की और उसके बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है। लड़की ने कहा कि उसके बॉयफ्रेंड ने ही 3 दिन पहले यह कैमरा उसे लगाने को दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 354 C, 509 और 66 IT एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने दोनों के मोबाइल जब्त कर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। पुलिस यह पता कर रही है कि यहां से कितने वीडियो बने और वह कहां स्टोर किए गए हैं या किसे भेजे गए हैं।

वहीं इसका पता चलते ही दूसरी लड़कियों के मां-बाप वहां पहुंचे और PG खाली कर उन्हें घर ले गए हैं।

PG में 5 लड़कियां, सबका एक ही बाथरूम

जानकारी के मुताबिक सेक्टर 22 में एक मकान के टॉप फ्लोर पर PG बना हुआ है। इस इलाके में और भी काफी PG हैं। यहां पर एक पीजी में 5 लड़कियां रहती हैं। यह लड़कियां कॉमन बाथरूम यूज करती हैं। जिस लड़की ने हिडन कैमरा लगाया, वह उत्तर प्रदेश की रहने वाली है। वह भी इनके साथ ही रहती है।

चमकता दिखा तो इसका पता चला

पुलिस को शिकायत देने वाली लड़की ने बताया कि वह अंधेरे में बाथरूम यूज करने गई थी। तभी उसने देखाा कि गीजर के ऊपर कुछ चमक रहा है। उसने गौर से देखा तो उसे वह कैमरा लगा। उसने तुरंत दूसरी लड़कियों को बुलाया। सबने चेक किया तो वह हिडन कैमरा निकला। उन्होंने तुरंत PG के मालिक को बुलाया। उन्होंने भी कैमरा देखकर सेक्टर 17 की पुलिस को इसकी शिकायत दी।

बाथरूम में लड़कियों के अलावा कोई नहीं जाता

पुलिस ने जब इसकी जांच की तो यह स्पष्ट हुआ कि इस बाथरूम में PG में रहने वाली लड़कियों के अलावा कोई दूसरा नहीं जा सकता। जिसके बाद पुलिस ने पूछताछ की तो पता चल गया कि किस लड़की ने यह कैमरा लगाया था। जिसके बाद पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो लड़की ने सब बता दिया। उसने कहा कि उसका बॉयफ्रेंड अमित हांडा सेक्टर-20 में रहता है। उसके कहने पर ही उसने यह हिडन कैमरा लगाया।

कितने वीडियो बने और किसे भेजे, जांच हो रही

चंडीगढ़ पुलिस के अधिकारी ने बताया कि फिलहाल मामले में वीडियो को लेकर जांच की जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं कि कोई वीडियो बना या नहीं। अगर वीडियो बने हैं तो कितने बने हैं और वह किसे भेजे गए। इसको लेकर दोनों के मोबाइल की फॉरेंसिक लैब से जांच कराई जा रही है।

कैमरे का रिकॉर्डिंग-स्टोरेज सेंटर की तलाश

बाथरूम में जो कैमरा लगा है, उसकी रिकॉर्डिंग कहां हो रही थी। उसका कंट्रोल और स्टोरेज सेंटर कहा हैं। कहीं ये वीडियो ऑनलाइन तो नहीं चल रहे थे। इन सब एंगल से फिलहाल जांच की जा रही है। पुलिस इसके लिए बाथरूम से डिवाइस की भी जांच कर रही है।