आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : केरल के एर्नाकुलम जिले में हुए विस्फोट मामले की जांच कर रही पुलिस ने आरोपी को शातिर दिमाग वाला अपराधी बताया। पुलिस ने कहा कि डोमिनिक मार्टिन किसी एक्सपर्ट से कम नहीं है। वह गल्फ कंट्री की अच्छी सैलरी वाली नौकरी छोड़ चुका है, जिससे उसकी मंशा पर सवाल उठ रहे हैं।

आरोपी ने 29 अक्टूबर को ईसाई धर्म की शाखा येहोवा की प्रार्थना सभा में तीन धमाके किए थे। इससे 3 की मौत और 41 लोग घायल हो गए थे।

ब्लास्ट के बाद आरोपी ने खुद ही सरेंडर किया

आरोपी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर दावा किया था कि उसने ही चर्च में IED बम रखे थे। इसके बाद बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस उसक घर पहुंची तो कई विस्फोटक सामान मिले।

कई घंटों की पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बम बनाने की डिटेल के बारे में बताया। आरोपी ने कहा कि उसने सोशल मीडिया से बम बनाना सीखा। थमन्नन में जहां वो किराए से रहता है, उस घर की छत पर बम का ट्रायल भी कर चुका था।

एक सीनियर पुलिस अफसर ने बताया कि जब मार्टिन ने सरेंडर किया, तो उसने विस्फोटक सामान खरीदने की रशीदें भी दिखाईं । साथ ही पेट्रोल खरीदने का भी बिल पेश किया। इससे उसके खिलाफ मामला और मजबूत हो गया है।

पुश्तैनी घर में बम बनाए, सुबह 7 बजे रखने गया

आरोपी के सरेंडर करने के बाद पुलिस ने उससे 14 घंटे पूछताछ की। आरोपी ने कबूलनामे में बताया कि उसने बम कोच्चि से बाहर अलूवा स्थित अपने पुश्तैनी घर में बनाए थे। रविवार सुबह 7 बजे वो बम प्रार्थना स्थल पर रख आया था। उस वक्त वहां तीन लोग मौजूद थे। उन्होंने बम रखते देखा या नहीं, ये नहीं पता।

खुद 10वीं पास, बेटी IT प्रोफेशनल

सिर्फ 10वीं तक पढ़े मार्टिन के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। उसकी बेटी IT प्रोफेशनल है, जबकि बेटा लंदन में पढ़ रहा है। मार्टिन अपनी पत्नी के साथ थमन्नन के किराए के घर में पांच साल से रहता है। उसके मकान मालिक जलील ने बताया कि इस घटना में मार्टिन का नाम चौंकाने वाला है, क्योंकि उसके न तो दोस्त हैं और न ही दुश्मन। वो साधारण जिंदगी जीने वाला इंसान है।

आरोपी ने ब्लास्ट से पहले फेसबुक लाइव किया था

पुलिस ने बताया कि डोमिनिक ने सरेंडर करने से पहले फेसबुक लाइव किया था। उसमें उसने ब्लास्ट की बात कबूली है। डोमिनिक ने ऐसा करने की वजह भी बताई है। उसने फेसबुक पर लाइव आकर कहा है कि वो भी ईसाई धर्म के यहोवा के साक्षी समूह से संबंधित है, लेकिन उसको उनकी विचारधारा पसंद नहीं है। उन्हें वो देश के लिए खतरा मानता है, क्योंकि वे लोग देश के युवाओं के दिमाग में जहर घोल रहे हैं। इसलिए उसने उनकी प्रार्थना सभा के दौरान बम ब्लास्ट किया।

धमाकों के समय केरल के CM दिल्ली में धरना दे रहे थे

जिस समय केरल में धमाके हुए, उस वक्त राज्य के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन दिल्ली में धरना दे रहे थे। यह धरना कम्युनिस्ट पार्टी ने गाजा पर इजराइल के हमले के विरोध में आयोजित किया गया था। धमाकों के बाद भी विजयन वहीं मौजूद रहे। हालांकि, उन्होंने धमाकों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि धमाके के बाद के हालात को लेकर उन्होंने राज्य के DGP से बात की। सोमवार को विजयन ने एक सर्वदलीय बैठक की।