आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : केरल के एर्नाकुलम में रविवार को कन्वेंशन सेंटर में हुए सीरियल ब्लास्ट की जांच 20 सदस्यीय टीम करेगी। इस हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 3 हो गई है। इसमें एक 12 साल की लड़की भी शामिल है, जिसने देर रात अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं 41 घायल हैं, जबकि पांच की हालत गंभीर है।
राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज के मुताबिक, 17 लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें 12 ICU में हैं और 3 वेंटिलेटर पर हैं। 4 की हालत गंभीर है, जो करीब 50 से 60 फीसदी तक झुलस गए हैं।
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने बताया- ADGP कानून एवं व्यवस्था के नेतृत्व में एक विशेष टीम इस घटना की जांच करेगी। जांच दल में 20 सदस्य होंगे। हादसे को लेकर मुख्यमंत्री आज सर्वदलीय बैठक भी की।
वहीं, राज्य के ADGP (लॉ एंड ऑर्डर) अजित कुमार ने बताया कि एक शख्स ने कोडकारा पुलिस स्टेशन में सरेंडर किया है। उसका दावा है कि उसने ही कन्वेंशन सेंटर में बम रखा था। आरोपी का नाम डोमिनिक मार्टिन है। उस पर UAPA के तहत केस दर्ज किया गया है।
आरोपी ने ब्लास्ट से पहले फेसबुक लाइव किया था
केरल पुलिस ने मार्टिन द्वारा बम लगाने की पुष्टि की है। पुलिस को उसके फोन से IED ब्लास्ट करने के लिए इस्तेमाल किए गए रिमोट कंट्रोल के विजुअल मिले हैं। पुलिस ने बताया कि डोमिनिक ने सरेंडर करने से पहले फेसबुक लाइव किया था। उसमें उसने ब्लास्ट की बात कबूली है।
डोमिनिक ने ऐसा करने की वजह भी बताई है। उसने फेसबुक पर लाइव आकर कहा है कि वो भी ईसाई धर्म के यहोवा के साक्षी समूह से संबंधित है, लेकिन उसको उनकी विचारधारा पसंद नहीं है। उन्हें वो देश के लिए खतरा मानता है, क्योंकि वे लोग देश के युवाओं के दिमाग में जहर घोल रहे हैं। इसलिए उसने उनकी प्रार्थना सभा के दौरान बम ब्लास्ट किया।
कन्वेंशन हॉल में प्रेयर खत्म होते ही हुए तीन धमाके
यहोवा विटनेसेस संस्थान के स्थानीय प्रवक्ता टीए श्रीकुमार ने कहा कि कन्वेंशन हॉल में 9:45 बजे प्रेयर खत्म होने के बाद पहला धमाका हॉल के बीचों-बीच हुआ। कुछ सेकेंड बाद हॉल के दोनों तरफ दो और धमाके हुए। एर्नाकुलम में जहां ब्लास्ट हुआ, उसके आसपास बड़ी संख्या में यहूदी समुदाय के लोग रहते हैं।
केरल के DGP शेक दरवेश साहेब ने बताया कि शुरुआती जांच के मुताबिक, IED टिफिन बॉक्स में प्लांट कर कन्वेंशन सेंटर के अंदर रखा गया था। जांच के लिए 8 स्पेशल टीम बनाई गई हैं। पूरी जांच के बाद और जानकारी सामने आएगी।
ब्लास्ट के बाद की तस्वीरें…
अपडेट्स…
केरल के राज्य मंत्री के राजन, वीएन वासवन, एंटनी राजू और मेयर एम अनिलकुमार ने कलामसेरी में मेडिकल कॉलेज जाकर घायलों से मुलाकात की।
केरल हमले को देखते हुए दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर है। बाजार, चर्च, मेट्रो स्टेशन, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों पर निगरानी की जा रही है।
केरल DGP ने कहा है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ या हिंसा फैलाने वाले मैसेज शेयर करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
धमाकों के समय केरल के CM दिल्ली में धरना दे रहे थे
जिस समय केरल में धमाके हुए, उस वक्त राज्य के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन दिल्ली में धरना दे रहे थे। यह धरना कम्युनिस्ट पार्टी ने गाजा पर इजराइल के हमले के विरोध में आयोजित किया गया था। धमाकों के बाद भी विजयन वहीं मौजूद रहे। हालांकि, उन्होंने धमाकों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि धमाके के बाद के हालात को लेकर उन्होंने राज्य के DGP से बात की।