लंदन । पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर और नीदरलैंड की पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रेयान कैंपबेल की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है हालांकि अब वह कोमा से बाहर आ गये हैं। कैंपबेल को दिल का दौरा पड़ने के बाद यहां के एक अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में रखा गया था।
इंग्लैंड में अपने परिवार के साथ रह रहे कैंपबेल को सीने में दर्द और सांस लेने में कठिनाई महसूस हुई थी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने कैंपबेल के भाई मार्क के एक बयान के आधार पर कहा कि डॉक्टरों ने बताया है कि उनके मस्तिष्क को किसी तरह की क्षति नहीं पहुंची है।
आईसीसी के इस बयान में कहा, ‘‘वह बेहोशी से बाहर निकल आये हैं। अब चिकित्सक यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि उनके दिल में क्या खराबी है।’’ कैंपबेल नीदरलैंड की टीम के न्यूजीलैंड दौरे के बाद यूरोप लौट गये थे। उन्हें जनवरी 2017 में नीदरलैंड का कोच नियुक्त किया गया था। एक खिलाड़ी के रूप में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और हांगकांग दोनों की ओर से खेला है।