मुम्बई । मुंबई इंडियंस के कोच माहेला जयवर्धने ने अपनी पसंदीदा टी20 इलेवन के लिए पांच सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन किया है। पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटर जयवर्धने की इस टीम में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। वहीं इसके अन्य खिलाड़ियों में इंग्लैंड के जॉस बटलर , अफगानिस्तान के राशिद खान और पाकिस्तान के शाहीन शाह अफरीदी व विकेटटीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिज़वान भी शामिल हैं। जयवर्धने के अनुसार राशिद गेंदबाजी के साथ ही निचले क्रम में आक्रामक बल्लेबाजी भी करते हैं। राशिद ने अब तक 58 टी20 अंतररष्ट्रीय मैचों में सिर्फ 12.92 के औसत और 6.18 की कंजूस इकॉनमी से 105 विकेट लिए हैं।
जयवर्धने ने कहा कि टी20 क्रिकेट में मैं गेंदबाज़ों को अधिक महत्व देता हूं, इसलिए मैंने शीर्ष पांच खिलाड़ियों में तीन गेंदबाज़ रखे हैं। राशिद खान मेरे पहले गेंदबाज हैं। जो स्पिन गेंदबाज़ी के साथ-साथ बहुत अच्छी बल्लेबाज़ी भी कर लेते हैं। जयवर्धने ने पाकिस्तान के शाहीन शाह अफरीदी को अपना दूसरा गेंदबाज़ चुना है।
वह इस बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ के पिछले साल के प्रदर्शन से वह बेहद प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साल टी20 विश्व कप में उन्होंने कमाल का प्रदर्शन किया था। वह नई गेंद से कमाल की स्विंग प्राप्त करते हैं। इसके अलावा डेथ में भी वह विकेट के लिए जाते हैं, जो उनकी आक्रमकता को दिखाता है।
जयवर्धने के तीसरे पसंदीदा खिलाड़ी भारत के बुमराह हैं। उनका कहना है कि वह हमेशा ही बुमराह की प्रशंसा करते हैं क्योंकि बुमराह एक आक्रामक गेंदबाज़ हैं और मैच का कोई भी चरण हो। वह विकेट दिला सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर आपको किसी मैच को ख़त्म करना हो तो आप बुमराह के ही पास जाओगे।
जयवर्धने ने अपनी टीम के पहले सलामी बल्लेबाज़ के रूप में इंग्लैंड के जॉस बटलर को शामिल किया है, जो इस समय आईपीएल में तीन शतक लगाकर बेहतरीन फ़ॉर्म में हैं। वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में रिज़वान को चुना है। रिजवान गत टी20 विश्व कप से ही शानदार प्रदर्शन करते आये हैं।