आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह और देश के नामी पहलवान बजरंग पूनिया व साक्षी मलिक के बीच फिर से सोशल मीडिया पर जुबानी जंग छिड़ गई है। बीजेपी सांसद बृजभूषण ने एक इंटरव्यू के दौरान पहलवानों पर कई तंज कसे और आरोप भी जड़े। वहीं, बृजभूषण पर पलटवार करते हुए बजरंग और साक्षी ने कहा कि जेल जाने से पहले इतना बौखलाना नहीं चाहिए बृजभूषण शरण सिंह।

हरियाणा में मेरी इज्जत बढ़ी और उनकी घटी है: सिंह

उत्तर प्रदेश के एक चैनल को दिए इंटरव्यू की एक क्लिप शेयर की गई। जिसमें बृजभूषण कह रहे हैं कि मेरे ऊपर जिन्होंने आरोप लगाए थे, अब जाकर हरियाणा में देखो कि उनकी कितनी इज्जत है। उन्हें कोई बुलाता नहीं है। उनके फॉलोअर्स घट गए। किसी कार्यक्रम में जाते थे तो 5 लाख से उनकी विदाई होती थी।

लेकिन आज किसी कार्यक्रम में बुलाई नहीं जाते। मुझे तो हरियाणा से बुलावा आता है, हर जगह से बुलावा आता है, हम जाते भी है। हमारी नहीं, बल्कि उनकी घटी है। क्योंकि मैंने फेस किया। जो मीडिया लगभग 7 दिन तक मेरे खिलाफ थी, वह मीडिया भी पलट गई। वह मीडिया भी उन खिलाड़ियों से सबूत मांगने लगे।

बजरंग पूनिया पर कसा तंज

18 जनवरी को धरने पर बैठे इसके बाद ब्रेक आया। खेल मंत्रालय द्वारा बनाई गई कमेटी में मैंने एक ऑडियो क्लिप जमा किया है। इस ऑडियो में एक सज्जन कह रहे हैं कि कोई लड़की का इंतजाम करो। पैसा देने की बात करते हैं।

करीब 4 महीने बाद वही लोग खोज करके नई तैयारी के साथ फिर आए। इस बार में लड़कियां लेकर आए। लड़कियां नहीं मिली, तो अपनी पत्नी और साली लेकर आ गए। न फोटो, न वीडियो, न ऑडियो और न टेलीफोन का कोई रिकॉर्ड। बस फांसी दे दो।

बजरंग और साक्षी ने दिया यह जबाब

इस देश का दुर्भाग्य यह है कि सत्ता ऐसे लोगों के हाथ में है जो सेक्शुअल हैरेसमेंट की सर्वाइवर्स का खुलेआम ऐसे मजाक उड़ा रहे हैं। यह ऐसे अपना गुणगान कर रहा है जैसे स्वतंत्रता सेनानी हो। हरियाणा में जनता के बीच गए तो जनता खुद जवाब दे देगी। एक बार ऐलान करके लोगों के बीच में आओ तो सही। खैर, जेल जाने से पहले इतना बौखलाना नहीं चाहिए बृजभूषण सिंह।